इंटरनेशनल डेस्क: 25 सितम्बर को चीन के शिनच्यांग उइग़ुर स्वायत्त प्रदेश की स्थापना की 70वीं वर्षगांठ का भव्य आयोजन उरुमची में हुआ। इस अवसर पर चीनी राष्ट्रपति शी चिनफ़िंग ने विभिन्न जातीय समूहों के साथ मिलकर इस ऐतिहासिक क्षण का उत्सव मनाया। यह न केवल शिनच्यांग के विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है, बल्कि पूरी दुनिया के सामने इस तथ्य को भी उजागर करता है कि चीन की क्षेत्रीय जातीय स्वायत्तता प्रणाली के अंतर्गत सीमांत क्षेत्र ने गरीबी और पिछड़ेपन से निकलकर समृद्धि और खुलेपन की ऐतिहासिक छलांग लगाई है।
1955 में अपनी स्थापना के बाद से शिनच्यांग ने सात दशकों में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं। 2024 में प्रदेश की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) 20 खरब युआन से अधिक पहुँच गई, जो 1955 की तुलना में 1,600 गुना वृद्धि दर्शाती है। सभी ग्रामीण निवासियों को गरीबी से बाहर निकाला जा चुका है। यहाँ जीवन प्रत्याशा 30 वर्ष से बढ़कर 77 वर्ष तक पहुँच गई है, जबकि शहरी और ग्रामीण निवासियों की आय में सौ गुना से अधिक इज़ाफ़ा हुआ है।
पर्यटन के क्षेत्र में भी प्रदेश ने बड़ी छलांग लगाई है। हर साल 30 करोड़ से ज़्यादा पर्यटक यहाँ आते हैं, जिससे यह देश और विदेश दोनों के लिए एक लोकप्रिय गंतव्य बन चुका है। बुनियादी ढाँचे में भी जबरदस्त सुधार हुआ है: कुल राजमार्गों की लंबाई 2.3 लाख किलोमीटर तक पहुँच गई है, हर ज़िले में गीगाबिट इंटरनेट उपलब्ध है और यहाँ चीन के सबसे अधिक हवाई अड्डे स्थित हैं।
सामाजिक स्थिरता को विकास की आधारशिला माना जाता है। कभी “तीन आतंकवादी ताकतों” की वजह से क्षेत्र की शांति को चुनौती मिली थी, लेकिन अब कई वर्षों से शिनच्यांग हिंसक घटनाओं से मुक्त है। इससे आर्थिक विकास और निवेश के लिए मज़बूत वातावरण तैयार हुआ है।
भौगोलिक दृष्टि से शिनच्यांग एशिया और यूरोप के बीच एक स्वर्णिम गलियारे की तरह है और यह बाहरी दुनिया से जुड़ने का एक अहम द्वार बन चुका है। 2022 से 2024 के बीच शिनच्यांग का कुल आयात-निर्यात मूल्य 1 खरब युआन से अधिक होने का अनुमान है, जिसमें 220 से भी अधिक व्यापारिक साझेदार जुड़े हैं। चीन-यूरोप मालगाड़ियों का तेज़ और कुशल संचालन तथा “डिजिटल सिल्क रोड” का तीव्र विकास इस क्षेत्र की प्रगति को नई ऊर्जा प्रदान कर रहा है।
आज शिनच्यांग एक नए आरंभिक बिंदु पर खड़ा है। प्रदेश विशिष्ट उद्योगों, नवोन्मेषी उत्पादकता और संस्कृति-पर्यटन के एकीकरण पर ज़ोर देते हुए सिल्क रोड आर्थिक बेल्ट के मुख्य क्षेत्र के विकास को आगे बढ़ा रहा है। सात दशकों में हुए गहरे बदलावों ने यह सिद्ध कर दिया है कि जनता की खुशी सबसे बड़ा मानवाधिकार है और पार्टी का नेतृत्व उसकी मूलभूत गारंटी।
आगे की ओर देखते हुए, शिनच्यांग के सभी जातीय समूह “अनार के बीजों” की तरह एक-दूसरे से जुड़े रहेंगे और चीनी शैली वाले आधुनिकीकरण की नई यात्रा में और भी शानदार अध्याय लिखेंगे।
(साभार—चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)