Site icon Dainik Savera Times

जम्मू-कश्मीर अंतरराष्ट्रीय सीमा पर संदिग्ध ड्रोन की हलचल, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

जम्मू-कश्मीर डेस्क : सांबा जिले के अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में शनिवार तड़के उस समय हलचल बढ़ गई जब स्थानीय लोगों और सुरक्षा कर्मियों ने पाकिस्तान की ओर से आए एक संदिग्ध ड्रोन की गतिविधि देखी। ड्रोन को रात के समय सांबा के रीगाल गांव के पास कुछ देर मंडराते हुए देखा गया, जिसके बाद वह वापस पाकिस्तान की दिशा में लौट गया। घटना की सूचना मिलते ही जम्मू-कश्मीर पुलिस, एसओजी और बीएसएफ की संयुक्त टीमों ने तुरंत इलाके में व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया।

तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों ने सीमा से सटे खेतों, कंटीली झाड़ियों और अन्य संवेदनशील स्थानों को बारीकी से खंगाला। आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई गई, हालांकि अभी तक किसी प्रकार का संदिग्ध सामान बरामद नहीं हुआ है। अधिकारियों का मानना है कि इस बार ड्रोन ड्रॉपिंग की कोशिश संभवतः असफल रही।

पिछले कुछ समय से पाकिस्तान की ओर से इंटरनेशनल बॉर्डर पर ड्रोन के जरिए नशीले पदार्थ, हथियार और अन्य सामग्री भेजने की घटनाएँ बढ़ी हैं। जम्मू से लेकर लखनपुर तक कई बार ड्रोन देखे जाने और ड्रॉपिंग के प्रयास सामने आ चुके हैं, जिनमें सुरक्षा बलों ने कई बार हथियारों और मादक पदार्थों की खेप भी बरामद की है।

लगातार बढ़ रही इन हरकतों को देखते हुए सीमा पर तैनात सुरक्षा एजेंसियों ने चौकसी और बढ़ा दी है तथा संवेदनशील इलाकों में गश्त को मजबूत किया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की घुसपैठ या अवैध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।

Exit mobile version