Last Updated: October 17, 2026

Dainik Savera Times Logo

जम्मू में महिला क्रिकेट खिलाड़ी पर हमला, बाइक सवार युवकों ने मारी स्कूटी को टक्कर

March 28, 2026

जम्मू में महिला क्रिकेट खिलाड़ी पर हमला, बाइक सवार युवकों ने मारी स्कूटी को टक्कर

जम्मू-कश्मीर डेस्क: रिंग रोड पर शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर महिला क्रिकेट टीम की सीनियर खिलाड़ी सरला देवी (30) का बाइक सवार युवकों ने पीछा किया। आरोप है कि युवकों ने उनकी स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गईं। आरोपी घायल अवस्था में उन्हें छोड़कर मौके से फरार हो गए।

ये भी पढ़ें:-

यह घटना रत्नाल के पास दोपहर करीब 3:30 बजे हुई। सरला देवी, निवासी करयाल ब्राह्मणा, बिश्नाह क्रिकेट अकादमी में अभ्यास के लिए जा रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया और उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में उनके बाजू और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलने पर परिजन उन्हें तुरंत बिश्नाह उपजिला अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया।

सरला देवी के अनुसार, वह अपनी स्कूटी सही दिशा में चला रही थीं, तभी पीछे से आए युवकों ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह स्कूटी सहित सड़क पर गिर गईं। उन्होंने बताया कि आरोपी करीब डेढ़ किलोमीटर तक उनका पीछा करते रहे। कभी आगे निकल जाते और कभी पीछे आ जाते।

पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों की तलाश जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही बिश्नाह थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी।

ये भी देखें:-

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें