Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

Jammu Kashmir News: कश्मीर घाटी में हरियाणा के सैनिक समेत दो स्थानीय पोर्टर शहीद, बारामूला में हुए दो हादसे

January 9, 2026

Jammu Kashmir News: कश्मीर घाटी में हरियाणा के सैनिक समेत दो स्थानीय पोर्टर शहीद, बारामूला में हुए दो हादसे

जम्मू कश्मीर डेस्कः कश्मीर घाटी में गुरुवार को ड्यूटी के दौरान हुए दो अलग-अलग हादसों में भारतीय सेना के एक जवान समेत दो पोर्टरों की मौत हो गई। इन घटनाओं से सेना और स्थानीय क्षेत्र में शोक की लहर है।

अधिकारिक सूत्रों के अनुसार, बारामूला जिले के शीरी इलाके में नाइट पेट्रोलिंग ड्यूटी पर जाते समय एक जवान ऊंचाई से फिसलकर गिर गया। हादसे में शहीद हुए जवान की पहचान हरियाणा निवासी हीरा लाल के रूप में हुई है, जो शीरी कैंप के फतहगढ़ में तैनात थे। फिसलकर गिरने के बाद जवान बेहोश अवस्था में मिले, जिन्हें तत्काल गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज (GMC) बारामूला ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शहीद जवान का पार्थिव शरीर पोस्टमॉर्टम और अन्य कानूनी औपचारिकताओं तक जीएमसी बारामूला के शवगृह में रखा गया है।

ये भी देखें :- 25 साल से पानी-सीवरेज का इंतज़ार, महलाना रोड पर प्रदर्शन

रात भर चले सर्च ऑपरेशन के बाद मिले पोर्टरों के शव

दूसरी घटना बारामूला जिले के ऊपरी गुलमर्ग क्षेत्र में हुई, जहां गुरुवार सुबह ड्यूटी पर तैनात भारतीय सेना के दो पोर्टर एक नाले में फिसलकर गिर गए। खराब मौसम और दुर्गम इलाके के कारण तुरंत राहत कार्य संभव नहीं हो सका। मृतक पोर्टरों की पहचान लियाकत अहमद दीदार (27) पुत्र गुलाम मोहम्मद दीदार, निवासी मस्जिद आंगन चंदूसा, और इश्फाक अहमद खटाना (33) पुत्र जमाल-उद-दीन खटाना, निवासी पचर चंदूसा, बारामूला के रूप में हुई है।

अधिकारियों के अनुसार, दोनों पोर्टर अनीता पोस्ट की ओर जा रहे थे, जो सर्दियों में भारी बर्फबारी के कारण कट जाने वाला एक फॉरवर्ड इलाका है। बर्फ से ढके फिसलन भरे रास्ते पर चलते समय उनका संतुलन बिगड़ गया और वे नाले में गिर गए। सेना और स्थानीय बचाव दलों ने खराब मौसम के बावजूद तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू किया। रात भर चले अभियान के बाद शुक्रवार को दोनों पोर्टरों के शव बरामद कर लिए गए।

ये भी पढ़ें :- Health: शकरकंद: सर्दियों में सेहत की मीठी ढाल, इम्यूनिटी बढ़ाए

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें