Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

Jammu-Kashmir Weather : ठंड ने तोड़े रिकॉर्ड,कश्मीर घाटी में ‘कोल्ड वेव अलर्ट’

November 26, 2025

Jammu-Kashmir Weather : ठंड ने तोड़े रिकॉर्ड,कश्मीर घाटी में ‘कोल्ड वेव अलर्ट’

Jammu-Kashmir Weather : कश्मीर घाटी इन दिनों कड़ाके की सर्दी की चपेट में है। पहाड़ी इलाकों में तापमान लगातार गिरता जा रहा है और अधिकांश ज़िलों में न्यूनतम पारा शून्य से काफी नीचे पहुंच चुका है। श्रीनगर में मंगलवार को रात का तापमान माइनस 3.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि ज़ोजिला पास इस समय घाटी का सबसे ठंडा स्थान बना हुआ है, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 16 डिग्री तक लुढ़क गया।

मौसम विभाग की मानें तो 30 नवंबर तक आसमान साफ रहने की उम्मीद है, जबकि 1 दिसंबर को बादल घिर सकते हैं। अगले एक सप्ताह में सर्दी और बढ़ने का अनुमान है।

दिन और रात के तापमान में भारी अंतर

दिन के समय तापमान जहां 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास है, वहीं रात में अचानक माइनस 3 डिग्री तक गिरने से लोग बीमार पड़ रहे हैं। श्रीनगर का अधिकतम तापमान 13.9 डिग्री रहा, जो सामान्य के अनुरूप है, लेकिन न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.2 डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया।

कश्मीर के प्रवेश द्वार काजीगुंड में दिन का तापमान 15 डिग्री और रात का माइनस 3 डिग्री रहा। इसी तरह पहलगाम में जहां अधिकतम तापमान 12.9 डिग्री दर्ज किया गया, वहीं रात का तापमान माइनस 4.4 डिग्री तक गिरा। गुलमर्ग में स्थिति थोड़ी अलग रही दिन का तापमान 9.6 डिग्री, लेकिन रात का पारा माइनस 1.2 डिग्री पर स्थिर रहा।

घाटी भर में जम गई ठंड, कई इलाकों में पारा -5 डिग्री से नीचे

मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार विभिन्न स्थानों में न्यूनतम तापमान इस प्रकार रहा:

श्रीनगर एयरपोर्ट: –4.2°C

कुपवाड़ा: –3.4°C

पांपोर: –4.5°C

अवंतिपोरा: –3.8°C

बारामुला: –4.3°C

पुलवामा: –5.0°C

शोपियां: –5.4°C

सोनमर्ग: –3.8°C

राफियाबाद: –4.1°C

जोजिला पास: –16.0°C

तेज शीतलहर और बर्फीली हवाओं के कारण लोगों की रोजमर्रा की गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।

जम्मू संभाग और लद्दाख में भी बढ़ी ठिठुरन

जम्मू संभाग में भी तापमान सामान्य से नीचे पहुंच गया है। जम्मू शहर में न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री, जबकि बनिहाल में –0.5 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। भद्रवाह में तापमान 0.4 डिग्री तक गिर गया, वहीं उधमपुर और सांबा में भी पारा तेजी से नीचे गया।

ये भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर: प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, अवैध निर्माण पर चलाया बुलडोजर

लद्दाख में भी स्थितियां कड़ी सर्दी का संकेत दे रही हैं—

लेह: –8.5°C

कारगिल: –8.8°C

नुब्रा: –6.6°C

अत्यधिक ठंड ने स्थानीय लोगों और यात्रियों दोनों के लिए मुश्किलें बढ़ा दी हैं। आने वाले दिनों में पारा और नीचे जाने की आशंका है, जिससे शीतलहर और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें