Site icon Dainik Savera Times

जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन से हुई मजदूर की मौत

बनिहाल/जम्मू: जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भूस्खलन में एक निर्माण कंपनी के मजदूर की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मजदूर की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी देशपॉल (31) के रूप में हुई है, जो सुबह करीब 8.30 बजे रामबन जिले में सेरी के पास अपने कंपनी मुख्यालय के बाहर भूस्खलन की चपेट में आ गया। उन्होंने बताया कि मृतक सुबह जलपान के लिए कंपनी के मेस की ओर जा रहा था तभी यह घटना हुई। मृतक का शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल ले जाया गया।

यातायात विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि 270 किलोमीटर लंबा जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बनिहाल के पास किश्तवारी पाथेर में हुए भूस्खलन के बाद बृहस्पतिवार को चौथे दिन भी बंद है। उन्होंने कहा ”इसे फिर बहाल करने का काम चल रहा है और इसमें कुछ समय लगेगा।” रामबन और बनिहाल के बीच एक दर्जन से अधिक स्थानों पर भारी बारिश के कारण हुए कई भूस्खलन के बाद सोमवार को राजमार्ग पर यातायात पर रोक लगा दी गई थी। अधिकारियों ने कहा कि बुधवार को राजमार्ग को आंशिक रूप से एकतरफा यातायात के लिए साफ कर दिया गया था, लेकिन किश्तवारी पाथेर में हुए भूस्खलन से सड़क फिर से अवरुद्ध हो गई।

Exit mobile version