जम्मू : आर.एस. पुरा, जम्मू में रक्षाबंधन का पर्व देशभक्ति और भाईचारे की भावना के साथ मनाया गया। नारी शक्ति संगठन, जम्मू और कश्मीर की बहनों ने देश की सुरक्षा में तैनात जवानों की कलाई पर राखी बांधकर उनके प्रति सम्मान और स्नेह व्यक्त किया। कार्यक्रम का नेतृत्व संगठन की अध्यक्ष ममता सिंह ने किया।
इस अवसर पर डॉ. शालनी राणा, डॉ. विजय लक्ष्मी, अक्षी, वनीता शर्मा सहित संगठन की अन्य सदस्य मौजूद रहीं। महिलाओं ने जवानों की कलाई पर राखी बांधी, माथे पर तिलक लगाया और उनका मुंह मीठा कराया। जवानों को उपहार भी भेंट किए गए। अपने परिवारों से दूर ड्यूटी निभा रहे जवानों के लिए यह अवसर भावुक कर देने वाला रहा।
कार्यक्रम स्थल पर महिलाएँ एक सफल समाज की अग्रदूत होती हैं तथा नारी ही सफल समाज की पथ प्रदर्शक है, जैसे संदेश भी प्रदर्शित किए गए। इस मौके पर ममता सिंह ने कहा कि जवान अपने परिवारों से दूर रहकर देश की रक्षा करते हैं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के माध्यम से संगठन की बहनें जवानों को यह एहसास दिलाना चाहती हैं कि पूरा देश उनका परिवार है।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने भारत माता की जय के जयकारे लगाए। यह रक्षाबंधन केवल राखी के धागे का पर्व नहीं, बल्कि जवानों और समाज के बीच विश्वास, सम्मान और अपनत्व के मजबूत रिश्ते का प्रतीक बन गया।

