जम्मू कश्मीर डेस्कः कटड़ा में हल्की बारिश और ठंडी हवाओं के चलते मौसम सुहावना हो गया है, जिससे मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भीषण गर्मी से राहत मिली है। दिनभर रुक-रुक कर हुई बारिश के बीच श्रद्धालु परिवार और मित्रों के साथ जयकारे लगाते हुए भवन की ओर बढ़ते रहे। एक दिन में 44000 भक्तों ने मां वैष्णो देवी के दर्शन किए।
ये भी पढ़ें :-
मौसम में आए बदलाव के कारण कटड़ा से संचालित हेलीकॉप्टर सेवा दोपहर बाद प्रभावित रही। हालांकि बैटरी कार, रोपवे (केबल कार) तथा घोड़ा, पिट्ठू और पालकी सेवाएं पूरी तरह सुचारु रहीं, जिनका श्रद्धालुओं ने यात्रा के दौरान भरपूर लाभ उठाया।
श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुविधाजनक बनाए रखने के लिए यात्रा मार्ग पर आपदा प्रबंधन दल, श्राइन बोर्ड प्रशासन, पुलिस और सीआरपीएफ के अधिकारी एवं जवान तैनात हैं। सभी संबंधित एजेंसियां यात्रा पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और श्रद्धालुओं को मौसम के अनुसार आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी जा रही है।
देशभर से प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु कटड़ा पहुंच रहे हैं। इसके चलते भवन परिसर, यात्रा मार्ग और आधार शिविर कटड़ा में श्रद्धालुओं की चहल-पहल बनी हुई है। मां वैष्णो देवी के दर्शन के बाद श्रद्धालु कटड़ा बाजार में प्रसाद एवं अन्य वस्तुओं की खरीदारी भी कर रहे हैं, जिससे बाजारों में अच्छी रौनक देखने को मिल रही है।
मां वैष्णो देवी भवन और आधार शिविर कटड़ा में स्थापित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से यात्रा की लगातार निगरानी की जा रही है। सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा पूरी तरह सुरक्षित बनी रहे। आंकड़ों के अनुसार, 18 जून को 43,400 श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के दरबार में हाजिरी लगाई थी। वहीं शुक्रवार, 19 जून को दोपहर 2 बजे तक लगभग 21,000 श्रद्धालु पंजीकरण कराकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे। श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी है।
ये भी पढ़ें :-

