Last Updated: November 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

कौन था लतीफ भट? सात घंटे तक चली मुठभेड़, पढ़ें आतंकी बनने की पूरी कहानी

November 18, 2026

कौन था लतीफ भट? सात घंटे तक चली मुठभेड़, पढ़ें आतंकी बनने की पूरी कहानी

नेशनल डेस्कः जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों को आतंकवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर और घाटी के मोस्ट वांटेड आतंकियों में शामिल लतीफ भट को मुठभेड़ में मार गिराया है। लतीफ भट पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था। वह पिछले कई दिनों से सुरक्षाबलों के निशाने पर था। बताया जा रहा है कि 11 नवंबर को कुलगाम के अखरान इलाके में CRPF जवानों पर हुए हमले के पीछे भी उसी का हाथ था। इस हमले में CRPF के तीन जवान घायल हो गए थे। घटना के बाद से ही सुरक्षाबल उसकी तलाश में लगातार अभियान चला रहे थे।

सात घंटे तक चली मुठभेड़, मस्जिद में छिपा था आतंकी
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार तड़के करीब 2:45 बजे कुलगाम के जांगलपोरा इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई। सुरक्षाबलों को इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिली थी। इसके बाद सेना और पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया।

जैसे ही सुरक्षाबल आतंकियों के करीब पहुंचे, आतंकियों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान लतीफ भट खुद को बचाने के लिए जांगलपोरा इलाके की एक मस्जिद में जाकर छिप गया। इसके बाद सुरक्षाबलों ने उसे बाहर निकालने के लिए अभियान शुरू किया। करीब सात घंटे तक चले इस ऑपरेशन के बाद लतीफ को मार गिराया गया।

 

मस्जिद को नुकसान न पहुंचे, इसलिए सुरक्षाबलों ने बरता संयम
मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों ने बेहद सावधानी से कार्रवाई की। चूंकि आतंकी मस्जिद के अंदर छिपा हुआ था, इसलिए सुरक्षाबलों की कोशिश थी कि धार्मिक स्थल को किसी तरह का नुकसान न पहुंचे। जवानों ने जल्दबाजी करने के बजाय सूझबूझ से काम लिया और लतीफ को आत्मसमर्पण करने का मौका दिया। इस दौरान 9 राष्ट्रीय राइफल्स के कमांडिंग ऑफिसर और कुलगाम के SSP इनायत अली ने वीडियो कॉल के जरिए लतीफ भट से बातचीत भी की। अधिकारियों ने उसे समझाने की कोशिश की और बार-बार हथियार डालकर सरेंडर करने की अपील की।

‘अल्लाह के सिवा मेरा कोई नहीं’, सरेंडर करने से किया इनकार
सुरक्षाबलों की ओर से लतीफ भट को भरोसा दिलाया गया कि अगर वह हथियार डालकर आत्मसमर्पण कर देता है तो उसकी जान बख्श दी जाएगी। अधिकारियों ने उसे कई बार मौका दिया, लेकिन उसने सरेंडर करने से साफ इनकार कर दिया। बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान लतीफ ने कहा, ‘अल्लाह के सिवा मेरा कोई नहीं है।’ इसके बाद भी सुरक्षाबलों ने उसे समझाने की कोशिश जारी रखी, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा और हथियार डालने को तैयार नहीं हुआ।

आंसू गैस के गोले दागकर आतंकी को बाहर निकालने की कोशिश
जब लतीफ ने बार-बार अपील के बावजूद सरेंडर नहीं किया तो सुरक्षाबलों ने उसे मस्जिद से बाहर निकालने के लिए ऑपरेशन शुरू किया। मस्जिद के आसपास आंसू गैस के गोले दागे गए। इसके बाद जैसे ही लतीफ बाहर निकला, सुरक्षाबलों ने उसे घेर लिया। इस दौरान हुई गोलीबारी में लतीफ भट मारा गया। सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई के साथ ही पिछले कई दिनों से चल रहा तलाशी अभियान खत्म हो गया। लतीफ के मारे जाने को सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

जानिए आतंकी बनने की पूरी कहानी
22 वर्षीय लतीफ भट जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के खरेवान चादर (अशमुजी) इलाके का रहने वाला था। उसने अशमुजी के सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल से 12वीं तक पढ़ाई की थी। इसके बाद उसने कुछ समय तक कुलगाम के गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज में भी शिक्षा हासिल की थी।

आतंकवाद की राह पर चलने से पहले लतीफ बढ़ई यानी कारपेंटर का काम करता था। बताया जाता है कि वह साल 2025 की शुरुआत में अचानक अपने घर से लापता हो गया था। काफी समय तक उसका कोई पता नहीं चला तो परिवार ने स्थानीय पुलिस थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।

पाकिस्तान में बैठे हैंडलर के संपर्क में आया था लतीफ
जांच एजेंसियों के मुताबिक, घर से लापता होने के बाद लतीफ भट पाकिस्तान में बैठे हैंडलर सज्जाद गुल के संपर्क में आया। इसके बाद वह लश्कर-ए-तैयबा के नेटवर्क से जुड़ गया। बताया जाता है कि वह 18 नवंबर 2025 को लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हुआ था। लतीफ के बारे में पुलिस का कहना था कि वह खुद कट्टरपंथ की राह पर चला था। उसे सीमा पार से कश्मीर में शांति व्यवस्था, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को नुकसान पहुंचाने के निर्देश मिले थे। पुलिस के मुताबिक, वह घाटी में सक्रिय सबसे वांछित आतंकियों में से एक था। उसे कश्मीर में सक्रिय एकमात्र जीवित स्थानीय आतंकी भी बताया गया था।

लतीफ पर था 15 लाख रुपये का इनाम
लतीफ भट की तलाश में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने उस पर 15 लाख रुपये का नकद इनाम घोषित किया था। पुलिस ने लोगों से उसकी जानकारी देने या उसे पकड़वाने में मदद करने की अपील की थी। 11 नवंबर को कुलगाम के अखरान इलाके में CRPF जवानों पर हुए हमले के बाद सुरक्षाबलों ने उसकी तलाश तेज कर दी थी। लगातार खुफिया जानकारी जुटाई जा रही थी और अलग-अलग इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा था।

आखिरकार कुलगाम के जांगलपोरा इलाके में उसकी मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने उसे घेर लिया। कई बार आत्मसमर्पण का मौका देने के बावजूद जब उसने हथियार डालने से इनकार कर दिया तो जवाबी कार्रवाई में उसे मार गिराया गया। लतीफ भट के मारे जाने से सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। सुरक्षा एजेंसियों को उम्मीद है कि इससे इलाके में सक्रिय आतंकी नेटवर्क को कमजोर करने में मदद मिलेगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें