जम्मू कश्मीर डेस्कः केंद्रीय शासित प्रदेश लद्दाख के कारगिल जिले के जंस्कार उपमंडल में कुत्तों में एक अज्ञात बीमारी फैलने से अभी तक लगभग 25 कुत्तों की मौत हो चुकी है। बीमारी की पुष्टि के लिए डाक्टरों की एक टीम शुक्रवार को कारगिल से जंस्कार के लिए रवाना की गई है। जंस्कार में पशु चिकित्सा केंद्र के कर्मी बीमार आवारा और घरेलू कुत्तों का उपचार कर रहे हैं। प्रयोगशाला में बीमारी की पुष्टि की जा रही है ताकि बीमारी की प्रकृति और उपचार के उपाय निर्धारित किए जा सकें।
ये भी पढ़ें :-
कुत्तों में दिखे ये लक्षण
कुछ दिन पहले कारगिल जिले के जंस्कार उपमंडल के कुछ गांवों में कुत्तों के बीच अचानक बीमारी फैलने की सूचना मिली थी। प्रभावित कुत्तों में आंखों में सूजन, अत्यधिक लार आना, नाक से मवादयुक्त स्राव, उल्टी और दस्त जैसे लक्षण देखे गए थे। घटना के बाद कारगिल के मुख्य पशुपालन अधिकारी ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी।
जनता के लिए जारी की एडवाइजरी
रोग जांच अधिकारी के नेतृत्व में एक विशेषज्ञ टीम प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने, नमूना संग्रह करने और प्रयोगशाला में बीमारी की पुष्टि करने के लिए मौके पर भेजी गई है। साथ ही जंस्कार में निगरानी के तहत रखे गए बीमार कुत्तों का उपचार भी जारी है। विभाग ने ग्रामीणों के लिए जागरूकता अभियान चलाकर सावधानी बरतने का संदेश दिया है। स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है, और कुत्तों के बीमारी के प्रसार को रोकने के लिए सभी आवश्यक नियंत्रण उपाय लागू किए जा रहे हैं। जनता के लिए एडवाइजरी जारी की गई है।
लोगों से किया ये अनुरोध
लोगों से अनुरोध किया गया है कि बीमारी या आवारा कुत्तों के साथ सीधे संपर्क से बचें। अगर किसी कुत्ते में असामान्य व्यवहार या बीमारी के लक्षण दिखें तो नजदीकी पशु चिकित्सा केंद्र से तुरंत संपर्क करें। जागरूकता अभियान के दौरान बच्चों को बीमार या आवारा जानवरों के साथ खेलने से रोकने, जानवरों को छूने के बाद हाथ धोने, बीमार जानवरों को अलग रखने, इन्हें खुले घूमने से रोकने और कुत्ते के काटने या खरोच लगने पर घाव को साबुन और पानी से धोकर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सा सहायता लेने की हिदायत दी जा रही है
ये भी पढ़ें :-

