Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

26% टैरिफ हमें तबाह कर देगा, सरकार इस मुद्दे पर क्या कर रही… राहुल गांधी ने खड़े किए सवाल

April 3, 2025

26% टैरिफ हमें तबाह कर देगा, सरकार इस मुद्दे पर क्या कर रही… राहुल गांधी ने खड़े किए सवाल

नेशनल डेस्क: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर लगाए गए 26% टैरिफ को लेकर विपक्ष ने सवाल उठाना शुरू कर दिया है। गुरुवार को लोकसभा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस मुद्दे को उठाया और कहा कि यह टैरिफ भारत को पूरी तरह से नुकसान पहुंचा सकता है। उन्होंने सरकार से यह सवाल भी किया कि इस मुद्दे पर वह क्या कदम उठा रही है।

टैरिफ हमें पूरी तरह से तबाह कर देगा
राहुल गांधी ने कहा, “हमारे सहयोगी देश अमेरिकी ने हम पर टैरिफ लगाने का फैसला किया है। यह हमें पूरी तरह से तबाह कर देगा। भारत सरकार इस बारे में क्या कर रही है?” इसके साथ ही उन्होंने चीन के साथ एलएसी (लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल) की स्थिति का भी जिक्र किया। राहुल गांधी ने कहा कि एलएसी पर यथास्थिति बनी रहनी चाहिए और हमें अपनी जमीन वापस मिलनी चाहिए।

एलएसी को लेकर सरकार को घेरा 
राहुल ने यह भी कहा, “मुझे यह जानकारी मिली है कि प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति ने चीन को पत्र लिखा है, लेकिन यह बात हमें हमारे देश के नेताओं से नहीं, बल्कि चीनी राजदूत से मिल रही है। हमारी सरकार इस मामले में क्या कर रही है? हमें अपनी जमीन वापस चाहिए, और सरकार को इस मुद्दे पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए।” इस बयान से राहुल गांधी ने सरकार पर दबाव बनाने की कोशिश की, ताकि वह अमेरिका द्वारा लगाए गए टैरिफ और चीन के साथ सीमा विवाद जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी स्थिति स्पष्ट करे।

जानें टैरिफ की नई दरें
बता दें कि, देर रात दुनिया के तमाम देशों के लिए अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने टैरिफ की घोषणा की। टैरिफ की नई दरों के अनुसार, चीन पर 34 प्रतिशत, यूरोपीय संघ पर 20 प्रतिशत, वियतनाम पर 46 प्रतिशत, ताइवान पर 32 प्रतिशत, जापान पर 24 प्रतिशत, भारत पर 26 प्रतिशत, ब्रिटेन पर 10 प्रतिशत, बांग्लादेश पर 37 प्रतिशत, पाकिस्तान पर 29 प्रतिशत, श्रीलंका पर 44 प्रतिशत और इज़राइल पर 17 प्रतिशत टैरिफ लगाया गया है। अमेरिका के द्वारा लगाए गए इन टैरिफ के तहत, भारतीय सामानों पर स्टील, एल्युमीनियम और ऑटो उत्पादों पर 27 प्रतिशत टैरिफ लगेगा, जबकि फार्मास्यूटिकल्स, सेमीकंडक्टर, कॉपर और ऊर्जा उत्पादों पर कोई टैरिफ नहीं लगेगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें