Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

अडानी पावर को मिला यूपी में बिजली का ठेका, जानिए प्रति यूनिट कितनी की पड़ेगी 

May 6, 2025

अडानी पावर को मिला यूपी में बिजली का ठेका, जानिए प्रति यूनिट कितनी की पड़ेगी 

नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश में बिजली की बढ़ती मांग को देखते हुए सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। राज्य के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने बताया कि अडानी पावर लिमिटेड को 1,500 मेगावाट बिजली सप्लाई करने का ठेका दिया गया है। यह बिजली राज्य में एक ताप विद्युत संयंत्र (थर्मल पावर प्लांट) से दी जाएगी।

बिजली की कीमत कितनी होगी?
मंत्री ने बताया कि अडानी पावर को बिजली आपूर्ति के लिए प्रति यूनिट 5.383 रुपये तय किए गए हैं। यह कीमत प्रतिस्पर्धी बोली (competitive bidding) के जरिए तय हुई, जिसमें कुल 7 कंपनियों ने हिस्सा लिया था। अडानी पावर की बोली सबसे कम थी, इसलिए उसे यह ठेका मिला।

क्यों लिया गया यह फैसला?
उत्तर प्रदेश में बिजली की मांग तेज़ी से बढ़ रही है। पिछले साल राज्य में अधिकतम बिजली मांग 30,000 मेगावाट से ऊपर पहुंच गई थी। इस साल भी इतनी ही मांग रहने की उम्मीद है। राज्य सरकार बिजली की आपूर्ति सुचारू रखने के लिए अग्रिम तैयारियां कर रही है।

अडानी पावर कौन सी कंपनी है?
अडानी पावर लिमिटेड (APL), अडानी ग्रुप की एक प्रमुख कंपनी है और यह भारत की सबसे बड़ी निजी ताप विद्युत कंपनियों में से एक है। इसकी कुल बिजली उत्पादन क्षमता 17,510 मेगावाट है। यह देश के कई राज्यों जैसे गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और तमिलनाडु में बिजली उत्पादन करती है। गुजरात में इसका 40 मेगावाट का सौर ऊर्जा प्रोजेक्ट भी है।

हाल ही में अडानी पावर की परफॉर्मेंस कैसी रही?
2024-25 में कंपनी ने 102.2 बिलियन यूनिट (BU) बिजली बनाई, जो पिछले साल (85.5 BU) से 19.5% ज्यादा है। बिजली बिक्री भी बढ़कर 95.9 BU हो गई, जो 20.7% की बढ़ोतरी है। कंपनी की कुल कमाई 56,473 करोड़ रुपये रही, जो पिछले साल की तुलना में 10.8% ज्यादा है। सरकार को उम्मीद है कि अडानी पावर से मिली बिजली से उत्तर प्रदेश की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें