Last Updated: October 2, 2026

Dainik Savera Times Logo

कोडीन कफ सिरप रैकेट पर अखिलेश यादव का बड़ा बयान, बोले- सभी माफिया पर चलना चाहिए बुलडोजर

December 20, 2025

कोडीन कफ सिरप रैकेट पर अखिलेश यादव का बड़ा बयान, बोले- सभी माफिया पर चलना चाहिए बुलडोजर

नेशनल डेस्क: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को कोडीन कफ सिरप तस्करी मामले को लेकर बीजेपी और यूपी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए उन्होंने दावा किया कि यह अवैध धंधा प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र से शुरू हुआ है और इसका नेटवर्क बहुत बड़ा है।

माफियाओं पर सख्त कार्रवाई करें, बुलडोजर भी चले: अखिलेश यादव 

अखिलेश यादव ने कहा कि एक राज्य का मुख्यमंत्री और उसके साथ खड़े लोग जनता से झूठ बोल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री के क्षेत्र से गैर-कानूनी कफ सिरप का कारोबार चल रहा है, जिसकी कीमत हजारों करोड़ रुपये तक बताई जा रही है। उनके मुताबिक यह सिर्फ यूपी तक सीमित नहीं, बल्कि एक अंतरराष्ट्रीय रैकेट है।

उन्होंने कहा कि यह मामला 100-200 करोड़ का नहीं है, बल्कि इसमें करीब 700 कंपनियां शामिल हो सकती हैं और हजारों करोड़ रुपये का लेन-देन हुआ है। अखिलेश यादव ने इस पूरे नेटवर्क में शामिल लोगों को “कोडीन भैया” कहा और मांग की कि चाहे वह किसी भी पार्टी से जुड़े हों, सभी माफियाओं पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, यहां तक कि बुलडोजर भी चलना चाहिए।

बीजेपी जरूरी तथ्यों को छिपा रही

अखिलेश यादव ने बीजेपी पर आरोप लगाया कि वह जरूरी तथ्यों को छिपा रही है और समाजवादी पार्टी को बदनाम करने के लिए चुनिंदा तस्वीरों का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर किसी नेता के साथ फोटो खिंचवाने से कोई माफिया बन जाता है, तो फिर बीजेपी नेताओं के साथ तस्वीरें होने पर किसे माफिया कहा जाएगा। यह बयान यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस आरोप के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि समाजवादी पार्टी का संबंध राज्य के कई माफियाओं से रहा है और कफ सिरप तस्करी मामले में पकड़े गए कुछ आरोपी सपा से जुड़े पाए गए हैं।

NDPS एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई होगी- योगी आदित्यनाथ 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस मामले में NDPS एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है। STF, उत्तर प्रदेश पुलिस और FSDA मिलकर जांच कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कोडीन फॉस्फेट एक ड्रग है, जिसका इस्तेमाल सीमित मात्रा में दवा बनाने के लिए होता है, लेकिन इसका कई जगह नशे के रूप में गलत इस्तेमाल किया जा रहा था। सरकार का कहना है कि जहरीले और गैर-कानूनी कफ सिरप की बिक्री और तस्करी को रोकने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है और इस मामले में दोषी किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें