जम्मू-कश्मीर डेस्कः प्रदेश में एक बार फिर एवलांच का खतरा बना हुआ है। अधिकारियों के अनुसार, कश्मीर के दो जिलों के लिए शनिवार को एवलांच की चेतावनी जारी की गई है और लोगों को अत्यधिक सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
ये भी पढ़ें :-
अधिकारियों ने बताया कि बांदीपोरा और गांदरबल जिलों में 2400 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अगले 24 घंटों के भीतर मध्यम स्तर के एवलांच की आशंका है। जारी एडवाइजरी में स्थानीय लोगों और पर्यटकों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे संभावित एवलांच वाले क्षेत्रों जैसे ढलान, पहाड़ी इलाके और ऊंचे स्थान से दूर रहें, जब तक प्रशासन की ओर से आगे के निर्देश जारी न हों।
सलाह का पालन जरूरी
अधिकारियों ने स्थानीय निवासियों, पर्यटकों और खानाबदोश समुदायों से अपील की है कि वे सुरक्षा के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें। शुक्रवार को जोजिला दर्रा पर कई एवलांच हुए, जिसमें कई वाहन फंस गए और सात लोगों की जान चली गई। यह दर्रा कश्मीर घाटी को लद्दाख से जोड़ता है। एवलांच के कारण श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है।
सीमा सड़क संगठन (BRO) के अधिकारी अपनी टीम के साथ सड़क से बर्फ हटाने और उसे फिर से चालू करने में जुटे हुए हैं। प्रशासन ने सड़क साफ होने तक सोनमर्ग से द्रास के बीच वाहनों की आवाजाही रोक दी है।
सोनमर्ग में भी हुआ था एवलांच
इससे पहले 26 जनवरी को गांदरबल जिले के सोनमर्ग के सरबल इलाके में भी एक बड़ा एवलांच हुआ था, जिसमें कई घर और वाहन इसकी चपेट में आ गए थे। हालांकि, उस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं थी, लेकिन सामने आए वीडियो से नुकसान की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
ये भी देखें :-

