Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

पत्नी पुणे की प्रॉपर्टी में हिस्सेदार, पति का काम विरोधियों को फंसाना; कौन है छांगुर बाबा का ये करीबी?

July 20, 2025

पत्नी पुणे की प्रॉपर्टी में हिस्सेदार, पति का काम विरोधियों को फंसाना; कौन है छांगुर बाबा का ये करीबी?

नेशनल डेस्क: छांगुर बाबा के मामले में एटीएस के सामने लगातार चौंकाने वाली बातें सामने आ रही हैं। छांगुर से जुड़े लोगों पर एटीएस लगातार कार्रवाई कर रहा है। इस मामले में जमालुद्दीन उर्फ छांगुर बाबा का नेटवर्क बेपर्दा होता जा रहा है। अब एटीएस ने राजधानी लखनऊ के चिनहट इलाके से छांगुर के बेहद करीबी को अरेस्ट किया है। आरोपी का नाम राजेश कुमार उपाध्याय है, जो छांगुर की कई गतिविधियों में सक्रिय तौर पर शामिल रहा है।

वह कोर्ट में पेशकार रह चुका है, जो छांगुर के कहने पर कोर्ट से विरोधियों के आदेश निकलवाने, उनको फंसाने और कोर्ट केस मैनेज करने का काम करता था। सूत्रों के मुताबिक छांगुर बाबा ने राजेश कुमार की पत्नी को एक प्रॉपर्टी में हिस्सेदारी दे रखी थी। ये प्रॉपर्टी महाराष्ट्र के पुणे में बताई जा रही है। जिससे राजेश की पत्नी को ठीकठाक मुनाफा होता था। मामले में राजेश कुमार को एटीएस ने कोर्ट में पेश किया है, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

आरोपी के खिलाफ पहले भी केस दर्ज

आरोपी के खिलाफ पहले भी यहां पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया था। छांगुर बाबा के दो और करीबी भी एटीएस के हत्थे चढ़े हैं। आरोपी मूल रूप से बलरामपुर के रहने वाले हैं। इनकी पहचान सबरोज उर्फ इमरान और शहाबुद्दीन के तौर पर हुई है। दोनों आरोपी लंबे समय से ग्रामीण इलाकों में सक्रिय थे, इनका मुख्य काम धर्मांतरण के लिए लोगों का ब्रेनवॉश करना था।

मामले में शामिल लोगों से पूछताछ जारी

अभी तक की जांच में ईडी और एटीएस को काफी कुछ चीजों का पता लगा है। दोनों टीमों के रडार पर विदेशी फंडिंग, देश विरोधी गतिविधियां और मनी लॉन्ड्रिंग में शामिल लोग हैं। पुलिस उन सरकार और गैर सरकारी लोगों से भी पूछताछ कर रही है, जिनकी भूमिका मामले में मिली है।

छांगुर बाबा मामले में जिन लोगों की भूमिका सामने आई है, उनकी भी बारीकी से जांच होगी। मामले में ताबड़तोड़ गिरफ्तारियों का दौर जारी है। आने वाले दिनों में बाबा से जुड़े नेटवर्क को लेकर और भी खुलासे हो सकते हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें