Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

बांग्लादेश ने T20 वर्ल्ड कप का बहिष्कार किया, BCB बोला- किसी दबाव में नहीं झुकेंगे

January 22, 2026

बांग्लादेश ने T20 वर्ल्ड कप का बहिष्कार किया, BCB बोला- किसी दबाव में नहीं झुकेंगे

खेल डेस्क: आगामी T20 वर्ल्ड कप को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत में खेलने से साफ इनकार कर दिया है। बोर्ड का कहना है कि जब तक मैचों का वेन्‍यू भारत से बदलकर श्रीलंका नहीं किया जाता, तब तक टीम टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लेगी। बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) से अनुरोध किया था कि उसके विश्व कप मैच भारत के बजाय किसी अन्य वेन्यू पर शिफ्ट किए जाएं, लेकिन आईसीसी ने इस मांग को खारिज कर दिया था।

हम किसी दबाव में नहीं झुकेंगे: आसिफ नजरुल

आसिफ नजरुल ने बांग्लादेश टीम के खिलाड़ियों और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) अधिकारियों के साथ गुरुवार को एक मीटिंग के बाद पत्रकारों से कहा, “हमारे फैसले को बदलने की कोई गुंजाइश नहीं है। हमें आईसीसी से न्याय नहीं मिला। हालांकि, हमें अब भी उम्मीद है कि आईसीसी हमारे साथ न्याय करेगा। भारत में सुरक्षा की स्थिति जस की तस बनी हुई है।” आसिफ ने कहा, “हम किसी दबाव में नहीं झुकेंगे। दुनिया को यह भी समझना चाहिए कि अगर बांग्लादेश वर्ल्ड कप नहीं खेलेगा तो इसके क्या नतीजे होंगे।”

उन्होंने कहा, “हम श्रीलंका में खेलने की अपनी योजना के साथ आईसीसी के पास वापस जाएंगे। उन्होंने हमें 24 घंटों का अल्टीमेटम दिया था, लेकिन कोई ग्लोबल बॉडी ऐसा नहीं कर सकती। आईसीसी 200 मिलियन लोगों को वर्ल्ड कप देखते हुए मिस कर देगा। यह उनका नुकसान होगा।”

भारत हमारे एक क्रिकेटर को सुरक्षा नहीं दे सका- आसिफ

बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा के बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को मुस्तफिजुर रहमान को अपनी आईपीएल 2026 टीम से हटाने का निर्देश दिया था। आसिफ नजरुल ने कहा, “भारत हमारे एक क्रिकेटर को सुरक्षा नहीं दे सका। उस देश में, क्रिकेट बोर्ड सरकार का ही एक हिस्सा है, जो दबाव में आने पर हमारे एक क्रिकेटर को सुरक्षा देने में या तो नाकाम रहा या हिचकिचाया।”

उल्लेखनीय है कि बुधवार को आईसीसी ने स्पष्ट तौर पर कहा था कि आगामी वर्ल्ड कप में बांग्लादेश के मुकाबले पूर्व नियोजित कार्यक्रम के अनुसार भारत में ही खेले जाएंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार, बांग्लादेश की टीम 7 फरवरी को वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबला खेलेगी। इसके बाद 9 फरवरी को यह टीम इटली के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। 14 फरवरी को इस टीम का सामना इंग्लैंड से होगा। यह तीनों मुकाबले कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले जाने हैं। इसके बाद 17 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में बांग्लादेश का सामना नेपाल से होगा।

स्कॉटलैंड को फायदा होगा

बांग्लादेश के इस इवेंट से हटने पर स्कॉटलैंड को फायदा होगा। यह टीम फिलहाल 14वें पायदान पर है, जो टी20 वर्ल्ड कप 2026 में क्वालीफाई न करने वालों में सबसे ऊंची रैंक वाली टीम है। टी20 वर्ल्ड कप 7 फरवरी से 8 मार्च के बीच भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेला जाना है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें