नई दिल्ली: अगर आपकी गाड़ी पर FASTag लगा है, बैलेंस भी पूरा है, फिर भी टोल प्लाज़ा पर रुकना पड़ता है और कहा जाता है “KYV अपडेट कराइए”, तो अब यह परेशानी जल्द खत्म होने वाली है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने FASTag से जुड़े एक बड़े झंझट को खत्म करने का फैसला लिया है।
क्या बदला है नया नियम?
NHAI ने ऐलान किया है कि 1 फरवरी 2026 से जारी होने वाले सभी नए FASTag में अब Know Your Vehicle (KYV) की अलग से प्रक्रिया नहीं करनी होगी। यानी FASTag मिलने के बाद दोबारा दस्तावेज़ देने, फोटो अपलोड करने या वेरिफिकेशन कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
पहले क्या परेशानी होती थी?
अब तक ऐसा होता था कि FASTag एक्टिव होने के बाद भी बार-बार दस्तावेज़ मांगे जाते थे। बैंक या कस्टमर केयर के कॉल आते थे। कई बार सही कागज़ देने के बावजूद FASTag सस्पेंड हो जाता था। टोल प्लाज़ा पर गाड़ी रोक दी जाती थी। इससे निजी वाहन चालकों को काफी दिक्कत होती थी और लंबी लाइनें लग जाती थीं।
अब नया सिस्टम कैसे काम करेगा?
नए नियमों के तहत FASTag जारी करने से पहले ही पूरी जांच होगी। बैंक VAHAN डेटाबेस से वाहन के रजिस्ट्रेशन की पुष्टि करेंगे। जरूरत पड़ने पर RC से क्रॉस-वेरिफिकेशन किया जाएगा। मतलब अब जिम्मेदारी बैंकों की होगी, न कि वाहन मालिक की।
क्या KYV पूरी तरह खत्म हो गई है?
नहीं। KYV सिर्फ खास हालात में ही लागू होगी, जैसे- FASTag गलत वाहन से जुड़ा हो। टैग सही तरीके से चिपका न हो। धोखाधड़ी या गलत इस्तेमाल का शक हो। टोल प्लाज़ा पर कोई विवाद हो जाए। सामान्य स्थिति में वाहन मालिक को कुछ भी करने की जरूरत नहीं होगी।
मौजूदा FASTag यूज़र्स के लिए क्या बदलेगा?
जो लोग पहले से FASTag इस्तेमाल कर रहे हैं, उनके लिए नियम वही रहेंगे। जब तक कोई गड़बड़ी नहीं मिलती, KYV नहीं मांगी जाएगी। इससे बेवजह की रुकावटें कम होंगी।
किन वाहनों को मिलेगी यह राहत?
यह सुविधा सिर्फ प्राइवेट कार जीप, वैन के लिए है। बस, ट्रक और अन्य कमर्शियल वाहनों पर KYV नियम पहले की तरह लागू रहेगा।
NHAI की सलाह
NHAI ने वाहन मालिकों को सलाह दी है कि FASTag सही मोबाइल नंबर से लिंक रखें। समय पर रिचार्ज करें, बैंक डिटेल्स अपडेट रखें ताकि ब्लैकलिस्टिंग, डबल टोल या टोल विवाद जैसी समस्याओं से बचा जा सके।
कुल मिलाकर फायदा क्या होगा?
टोल प्लाज़ा पर कम रुकावट, कागजी काम में कमी, FASTag जल्दी जारी और एक्टिव, हाईवे पर सफर ज्यादा आसान और स्मूथ। अब FASTag का सफर पहले से कहीं ज्यादा आसान होने वाला है।