Last Updated: October 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव के आवास पर CBI की रेड, समर्थकों ने अधिकारियों को घर में जाने से रोका

March 26, 2025

कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव के आवास पर CBI की रेड, समर्थकों ने अधिकारियों को घर में जाने से रोका

रायपुर : छत्तीसगढ़ के भिलाई नगर से कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव के घर सीबीआई की टीम ने बुधवार सुबह छापा मारा। बताया जा रहा है कि सीबीआई की टीम को देवेंद्र यादव के समर्थकों ने घेर लिया है और वे उन्हें आवास में घुसने नहीं दे रहे हैं। सीबीआई ने यह रेड महादेव सट्टे के मामले में की है।

सीबीआई की टीम बुधवार सुबह 7:45 बजे के करीब देवेंद्र यादव के आवास पर पहुंची। इस दौरान देवेंद्र यादव के समर्थक उनके आवास के बाहर जमा हो गए। भिलाई नगर निगम के महापौर नीरज पाल समेत बड़ी संख्या में समर्थकों ने सीबीआई के अधिकारियों को घेर लिया और उन्हें आवास के अंदर जाने नहीं दिया। इसके अलावा, सीबीआई ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल के घर पर भी छापा मारा है।

यह रेड रायपुर और दुर्ग जिले में स्थित उनके भिलाई निवास में चल रही है। सीबीआई की टीम भूपेश बघेल के आवास पर मौजूद है। सीबीआई की टीम दो गाड़ियों में सवार होकर भूपेश बघेल के घर पहुंची। साथ ही आईपीएस अधिकारी आरिफ शेख और आईपीएस अफसर अभिषेक पल्लव के घर भी रेड की खबर है।

बघेल का दिल्ली जाने का कार्यक्रम

पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सीबीआई छापे की जानकारी दी है। उन्होंने (भूपेश बघेल कार्यालय) के हवाले से एक्स पर लिखा, ‘अब सीबीआई आई है। आगामी 8 और 9 अप्रैल को अहमदाबाद (गुजरात) में होने वाली एआईसीसी की बैठक के लिए गठित ‘ड्राफ्टिंग कमेटी’ की मीटिंग के लिए आज पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का दिल्ली जाने का कार्यक्रम है। उससे पूर्व ही सीबीआई रायपुर और भिलाई निवास पहुंच चुकी है।’

बता दें कि बीते साल अगस्त में छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार हिंसा मामले में भिलाई नगर के कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। विधायक की गिरफ्तारी उनके आवास से की गई थी। इस दौरान उनके समर्थकों ने जमकर हंगामा करते हुए पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी की थी। इससे पहले ईडी ने छत्तीसगढ़ के भिलाई के पदुम नगर इलाके में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आवास पर छापेमारी की थी।

इसके अलावा, उनके सहयोगियों से जुड़े 14 ठिकानों पर ईडी ने छापेमारी की थी। भूपेश बघेल ने कहा था, ‘यह संयोग है या प्रयोग, आप लोग तय कीजिए। कवासी लखमा ने जब उपमुख्यमंत्री अरुण साव से सवाल पूछा, तो उनके खिलाफ ईडी की टीम पहुंच गई। मैंने उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा से सवाल पूछा, तो चार दिन भी नहीं लगे कि ईडी पहुंच गई। मतलब हम सवाल नहीं कर सकते। यह सरकार डराना चाहती है।’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें