Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘कांग्रेस ने आतंकवादियों पर कभी सख्त कार्रवाई नहीं की’, सीतामढ़ी रैली में बोले अमित शाह

November 3, 2025

‘कांग्रेस ने आतंकवादियों पर कभी सख्त कार्रवाई नहीं की’, सीतामढ़ी रैली में बोले अमित शाह

नेशनल डेस्क: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को बिहार के सीतामढ़ी में एक चुनावी रैली के दौरान कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में आतंकवादियों के खिलाफ कभी कड़ा कदम नहीं उठाया गया, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सत्ता में आने के बाद आतंकवाद के खिलाफ कड़े और निर्णायक कदम उठाए हैं।

यह भी पढ़ें:  जयपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: बेकाबू डंपर ने मचाया कहर, 19 लोगों की मौत

हर दूसरे दिन आतंकवादी हमले होते थे: अमित शाह 

अमित शाह ने कहा, “कांग्रेस के समय में हर दूसरे दिन आतंकवादी हमले होते थे, लेकिन कभी सख्त कार्रवाई नहीं हुई। आतंकवादियों को बिरयानी खिलाई जाती थी। मोदी जी के आने के बाद देश में उरी, पुलवामा, पहलगाम जैसे हमलों के बाद सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर के जरिए पाकिस्तान में घुसकर आतंकवादियों का सफाया किया गया।” उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने बीते 11 सालों में देश को सुरक्षित और समृद्ध बनाया है।

‘ऑपरेशन सिंदूर’ का भी जिक्र

शाह ने अपने भाषण में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का भी जिक्र किया। यह अभियान पहलगाम आतंकी हमले (जिसमें 26 लोगों की मौत हुई थी) के बाद शुरू किया गया था। यह ऑपरेशन 7 मई को शुरू हुआ था, जिसमें भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पीओके (पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर) में आतंकियों के ठिकानों पर निशाना साधा। 10 मई को युद्धविराम समझौते के साथ यह संघर्ष समाप्त हुआ।

राहुल गांधी ने छठ पूजा का अपमान किया: शाह 

अमित शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने छठ पूजा का अपमान किया है। शाह ने कहा, “राहुल गांधी छठी मैया का अपमान करते हैं। प्रधानमंत्री मोदी का अपमान करें, हमें फर्क नहीं पड़ता। लेकिन आपने छठी मैया का अपमान किया है, बिहार के लोग इसे कभी नहीं भूलेंगे।” यह विवाद उस बयान के बाद शुरू हुआ, जिसमें राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि भाजपा ने छठ पूजा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के स्नान के लिए अलग तालाब बनवाया और “नाटक” किया।

यह भी पढ़ें:  भारत के लिए नहीं कभी नहीं खेले, पर महिला क्रिकेट टीम को बना दिया चैंपियन; जानें कौन हैं अमोल मजूमदार

मोदी सरकार ने बिहार को नक्सल मुक्त बना दिया

नक्सलवाद पर बोलते हुए अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने बिहार को नक्सल मुक्त बना दिया है। उन्होंने कहा, “पहले नक्सलवाद के कारण बिहार के कई जिलों में मतदान दोपहर 3 बजे तक ही खत्म हो जाता था। लेकिन अब पहली बार पूरा बिहार शाम 5 बजे तक वोट डालेगा, क्योंकि अब बिहार में शांति है।” सीतामढ़ी सीट पर जेडी(यू) के सुनील कुमार पिंटू का मुकाबला आरजेडी के सुनील कुमार से है। बिहार विधानसभा की 243 सीटों के लिए मतदान 6 और 11 नवंबर को दो चरणों में होगा, जबकि मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें