Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

Delhi News : आजाद मार्केट में तीन मंजिला इमारत ढही, 1 व्यक्ति की मौत, राहत कार्य जारी

July 11, 2025

Delhi News : आजाद मार्केट में तीन मंजिला इमारत ढही, 1 व्यक्ति की मौत, राहत कार्य जारी

Delhi News : राजधानी दिल्ली के आज़ाद मार्केट स्थित पुल मिठाई इलाके में शुक्रवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। रात करीब 2 बजे एक तीन मंजिला इमारत अचानक ढह गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस दर्दनाक घटना में 46 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई है।

आज़ाद मार्केट में ढही तीन मंजिला इमारत

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ढही हुई इमारत के नीचे तीन दुकानें थीं, जिनमें सूटकेस, बैग और तिरपाल का कारोबार होता था। पहली मंजिल पर गोदाम बने हुए थे। हादसे के समय इमारत के नीचे खड़ा एक ट्रक भी मलबे में दब गया और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। खास बात यह भी है कि पास में मेट्रो निर्माण कार्य भी चल रहा था।

मौके पर पहुंचे राहत दल, शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन

दिल्ली पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि रात करीब 1:55 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को पुल मिठाई, टोकरी वालान, बाड़ा हिंदू राव क्षेत्र में इमारत गिरने की सूचना मिली। तत्काल पुलिस, दमकल विभाग, एनडीआरएफ, डीडीएमए और फोरेंसिक क्राइम टीम को घटनास्थल पर रवाना किया गया।

राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया गया। मलबे से एक व्यक्ति को गंभीर हालत में निकाला गया, जिसे हिंदू राव अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की मनोज शर्मा के रूप में हुई पहचान

मृतक की पहचान 46 वर्षीय मनोज शर्मा उर्फ पप्पू के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे। वे पिछले 30 वर्षों से उसी दुकान पर काम कर रहे थे, जो गुलशन महाजन नामक व्यक्ति की है।

जांच के आदेश, FIR दर्ज

सुबह तक राहत कार्य जारी रहा और भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाया गया। फिलहाल, किसी अन्य के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने इस हादसे को लेकर भारतीय दंड संहिता (IPC) की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इमारत गिरने के कारणों की जांच की जा रही है, जिसमें मेट्रो निर्माण कार्य की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें