Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘दिल्ली में आज भी सामंती सोच कायम’, ममता बनर्जी का आरोप; SIR से प्रभावित परिवारों से मुलाकात की

February 2, 2026

‘दिल्ली में आज भी सामंती सोच कायम’, ममता बनर्जी का आरोप; SIR से प्रभावित परिवारों से मुलाकात की

नेशनल डेस्क: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को दिल्ली स्थित बंगा भवन में उन परिवारों से मुलाकात की, जो स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया से प्रभावित बताए जा रहे हैं। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में वोटरों को जानबूझकर दबाने और उनके अधिकार छीनने की राजनीतिक साजिश की जा रही है। ममता बनर्जी ने दावा किया कि सैकड़ों लोगों के नाम गलत तरीके से वोटर लिस्ट से हटा दिए गए, और कई जीवित लोगों को कागज़ों में मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने इसे पूरी तरह राजनीति से प्रेरित कदम बताया।

यह भी पढ़ें:  सुप्रीम कोर्ट से तीन आरोपियों को मिली जमानत, दो IT पेशेवरों की हुई थी मौत

दिल्ली पुलिस पर भी सवाल

मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने दिल्ली पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस नागरिकों की सुरक्षा करने में नाकाम साबित हो रही है। ममता बनर्जी ने कहा, “देखिए, दिल्ली पुलिस क्या कर रही है। हम उन्हें दोष नहीं देंगे, लेकिन सच्चाई यह है कि सैकड़ों लोगों को मृत दिखाकर वोटर लिस्ट से बाहर कर दिया गया। आज यहां ऐसे परिवार आए हैं, जिनके अधिकार छीने गए हैं।” उन्होंने आगे कहा कि जब दिल्ली में धमाके होते हैं, तब पुलिस नजर नहीं आती, लेकिन जब वे यहां आती हैं तो डर का माहौल बना दिया जाता है।

“दिल्ली में अब भी सामंती व्यवस्था”

मुख्यमंत्री ने कड़े शब्दों में कहा, “दिल्ली में आज भी सामंती व्यवस्था चल रही है। अगर हम चाहते, तो लाखों लोगों को यहां ला सकते थे, लेकिन हम सिर्फ़ 50 ऐसे लोगों को लाए हैं, जिन्हें SIR के तहत मृत घोषित कर दिया गया था।”

बंगा भवन के बाहर कड़ी सुरक्षा

इस दौरान हेली रोड और चाणक्यपुरी स्थित दोनों बंगा भवनों के बाहर दिल्ली पुलिस की भारी तैनाती देखी गई। ये दोनों बंगाल सरकार के आधिकारिक गेस्ट हाउस हैं।

चुनाव आयोग से मिलने जाएगा TMC प्रतिनिधिमंडल

ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के नेतृत्व में पार्टी का 15 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल आज मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मुलाकात करेगा। प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि बंगाल में SIR की प्रक्रिया, पक्षपातपूर्ण, मनमानी भेदभावपूर्ण और राजनीतिक रूप से प्रेरित है।

यह भी पढ़ें:  लोकसभा में राहुल गांधी के बयान पर मचा हंगामा, जानें ऐसा क्या कह दिया

TMC का आधिकारिक बयान

TMC ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि प्रतिनिधिमंडल चुनाव आयोग के सामने अपनी स्पष्ट मांगें रखेगा और तुरंत सुधारात्मक कदम उठाने की मांग करेगा। पोस्ट में यह भी कहा गया कि “चुनाव आयोग को कई बार पत्र और अनुरोध भेजे गए, लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं मिला है।”

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें