Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

विदेशी मुद्रा भंडार 5.17 अरब डॉलर बढ़कर 696.65 अरब डॉलर पर 

June 13, 2025

विदेशी मुद्रा भंडार 5.17 अरब डॉलर बढ़कर 696.65 अरब डॉलर पर 

बिजनेस डेस्क: भारत का विदेशी मुद्रा भंडार छह जून को समाप्त सप्ताह में 5.17 अरब डॉलर बढक़र 696.65 अरब डॉलर हो गया। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। इससे पहले 30 मई को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार 1.24 अरब डॉलर घटकर 691.48 अरब डॉलर रहा था। विदेशी मुद्रा भंडार सितंबर 2024 के अंत में 704.88 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था।

आंकड़ों के मुताबिक, छह जून को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का प्रमुख हिस्सा विदेशी मुद्रा आस्तियां 3.47 अरब डॉलर बढक़र 587.68 अरब डॉलर हो गईं। डॉलर के संदर्भ में उल्लेखित विदेशी मुद्रा आस्तियों में विदेशी मुद्रा भंडार में रखे गए यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं की घट-बढ़ का प्रभाव शामिल होता है। समीक्षाधीन सप्ताह में स्वर्ण भंडार का मूल्य 1.58 अरब डॉलर बढक़र 85.88 अरब डॉलर हो गया।

रिजर्व बैंक ने कहा कि विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 10.2 करोड़ डॉलर बढक़र 18.67 अरब डॉलर हो गया। केंद्रीय बैंक के आंकड़ों के अनुसार, आलोच्य सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के पास भारत का आरक्षित भंडार भी 1.4 करोड़ डॉलर बढक़र 4.4 अरब डॉलर पहुंच गया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें