Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

कुलगाम में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच गोलीबारी, सुबह उरी में ढेर किए थे दो घुसपैठिये

April 23, 2025

कुलगाम में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच गोलीबारी, सुबह उरी में ढेर किए थे दो घुसपैठिये

नेशनल डेस्क: पहलगाव हमले के बाद बुधवार शाम सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच एनकाउंटर शुरू हो गया है। यह मुठभेड़ कुलगाम के तंगमर्ग में चल रही है। गुप्त सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने कुलगाम जिले में आतंकियों के खिलाफ तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान आतंकियों ने सेना के जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी, सुरक्षाबलों की तरफ से भी जवाबी कार्रवाई की गई। कुछ देर गोलीबारी के बाद अब स्थिति शांत है, लेकिन सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है। गोलीबारी में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। अफसरों ने बताया कि पूरी जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

उरी सेक्टर में दो घुसपैठिये ढेर 
इससे पहले बुधवार को उत्तरी कश्मीर के उरी सेक्टर में सेना ने दो आतंकियों को मार गिराया। ये आतंकी सरजीवन इलाके से भारत में घुसने की कोशिश कर रहे थे। सेना ने उन्हें रोकते हुए जवाबी फायरिंग की जिसमें दोनों आतंकी मारे गए। सेना को उनके पास से बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और जंग में इस्तेमाल होने वाला सामान मिला है। इससे साफ है कि आतंकियों के इरादे खतरनाक थे, लेकिन सेना ने उनकी साजिश को नाकाम कर दिया।

पहलगाम आतंकी हमले में 28 लोगों की मौत 
मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए एक दर्दनाक आतंकी हमले में 28 लोगों की मौत हो गई। ये सभी लोग बैसरन घाटी में घूमने आए थे, जो पहलगाम का एक मशहूर पर्यटन स्थल है और ‘मिनी स्विट्ज़रलैंड’ के नाम से जाना जाता है। अचानक कुछ आतंकियों ने घाटी में पहुंचकर वहां मौजूद लोगों पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। इस हमले में मारे गए ज़्यादातर लोग पर्यटक थे।

सेना और पुलिस अलर्ट पर
हमले के बाद यह बात सामने आई है कि आतंकियों ने पहले लोगों की पहचान की और खासतौर पर हिंदू समुदाय से जुड़े लोगों को निशाना बनाकर उन्हें मार डाला। इस बर्बर हमले के बाद पूरे इलाके में डर और गुस्से का माहौल है। पहलगाम में हुए नृशंस आतंकी हमले के बाद जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सेना और पुलिस अलर्ट पर हैं और लगातार ऑपरेशन चला रही हैं ताकि फिर कोई ऐसी घटना न हो सके।

 

 

 

 

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें