Site icon Dainik Savera Times

Jammu Kashmir: बाड़ी ब्राह्मणा में युवक पर तेजधार हथियारों से हमला, लोगों ने किया प्रदर्शन

encounter-police-firing-at-gunpoint

encounter-police-firing-at-gunpoint

जम्मू कश्मीर न्यूजः बाड़ी ब्राह्मणा क्षेत्र में सोमवार देर रात एक युवक पर तेजधार हथियारों से हमला किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक रात करीब 10:30 बजे अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में कुछ बदमाशों ने सड़क के बीचों-बीच अपनी गाड़ी खड़ी कर रखी थी। युवक द्वारा इसका विरोध करने पर आरोपियों ने उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया। मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने बाड़ी ब्राह्मणा–बिशनाह मार्ग पर सड़क जाम कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए यातायात पूरी तरह ठप कर दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करते हुए लोगों को शांत कराया। पुलिस अधिकारियों ने निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद कुछ समय में जाम खोल दिया गया।

वहीं, घायल युवक को बेहतर उपचार के लिए अमृतसर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और हमले के कारणों के साथ-साथ आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

Exit mobile version