Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘समय आ गया, बंगाल को भी जंगल राज से आजाद किया जाए’, पीएम मोदी का TMC पर बड़ा हमला

December 20, 2025

‘समय आ गया, बंगाल को भी जंगल राज से आजाद किया जाए’, पीएम मोदी का TMC पर बड़ा हमला

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर तीखा हमला बोला। रानाघाट में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि अब समय आ गया है कि पश्चिम बंगाल को भी “जंगल राज” से आजाद किया जाए।

खराब मौसम और विजिबिलिटी कम होने की वजह से पीएम मोदी का हेलीकॉप्टर रानाघाट के ताहिरपुर हेलीपैड पर उतर नहीं सका और उसे कोलकाता एयरपोर्ट वापस लौटना पड़ा। इसके बाद प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए रानाघाट के ताहिरपुर नेताजी पार्क में लोगों को संबोधित किया। सभा में पीएम मोदी ने बिहार का उदाहरण देते हुए कहा कि देश विकास चाहता है।

जैसे बिहार का जंगलराज खत्म हुआ, बंगाल में भी जरूरी: पीएम मोदी 

उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने एक बार फिर NDA सरकार को भारी बहुमत देकर यह साबित कर दिया है कि वह जंगल राज को नकार चुकी है। पीएम मोदी ने कहा कि जैसे बिहार ने जंगल राज को खत्म किया, वैसे ही अब पश्चिम बंगाल में भी बदलाव जरूरी है। प्रधानमंत्री ने कहा, “TMC अगर बीजेपी का विरोध करना चाहती है तो करे, लेकिन बंगाल के विकास को क्यों रोका जा रहा है? मोदी का विरोध करें, बीजेपी का विरोध करें, लेकिन बंगाल के लोगों को उनके हक से वंचित मत कीजिए। उनके सपनों को मत तोड़िए।”

 

बीजेपी को एक मौका दें, प्रधानमंत्री की अपील 

पीएम मोदी ने बंगाल की जनता से अपील करते हुए कहा कि वे बीजेपी को एक मौका दें। उन्होंने राज्य में “डबल-इंजन सरकार” की जरूरत पर जोर दिया और कहा कि केंद्र और राज्य में एक ही पार्टी की सरकार होने से विकास तेजी से होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाएं सिर्फ राजनीतिक कारणों से अटकी पड़ी हैं। बीजेपी को राजनीतिक विरोध से कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन विकास रोकना गलत है।

घुसपैठियों को लेकर टीएमसी को घेरा 

प्रधानमंत्री ने तृणमूल कांग्रेस पर अवैध घुसपैठियों को बचाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि TMC “घुसपैठिए वापस जाओ” कहने के बजाय “मोदी वापस जाओ” के नारे लगाती है। पीएम मोदी के मुताबिक, स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) का विरोध इसलिए किया जा रहा है ताकि घुसपैठियों को बचाया जा सके। पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य पश्चिम बंगाल के हर हिस्से का विकास करना है, खासकर उन इलाकों का जो लंबे समय से पिछड़े रहे हैं।

3,200 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन 

इस दौरान प्रधानमंत्री ने करीब 3,200 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया। इनमें NH-34 के बाराजागुली–कृष्णानगर सेक्शन का 66.7 किलोमीटर लंबा फोर-लेन हिस्सा और बारासात–बाराजागुली सेक्शन को फोर-लेन बनाने की परियोजना शामिल है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य कोलकाता और सिलीगुड़ी के बीच सड़क संपर्क को बेहतर बनाना है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें