Last Updated: October 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

हैदराबाद आ रही Lufthansa फ्लाइट को लैंडिंग की नहीं मिली अनुमति, हवा में यूटर्न लेकर लौटा विमान

June 16, 2025

हैदराबाद आ रही Lufthansa फ्लाइट को लैंडिंग की नहीं मिली अनुमति, हवा में यूटर्न लेकर लौटा विमान

इंटरनेशनल डेस्क : जर्मनी की प्रमुख एयरलाइन लुफ्थांसा की एक फ्लाइट जो हैदराबाद आ रही थी, उसे उस समय बड़ा झटका लगा जब उड़ान के दौरान बम से उड़ाने की धमकी मिली। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए, भारतीय अधिकारियों ने विमान को देश के हवाई क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी, और विमान को वापस फ्रैंकफर्ट लौटना पड़ा। यह घटना 16 जून को हुई और इसके बाद अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई जा रही है। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

उड़ान बीच रास्ते से वापस लौटी फ्रैंकफर्ट

दरअसल, यह फ्लाइट जर्मनी के फ्रैंकफर्ट शहर से भारत के हैदराबाद के लिए रवाना हुई थी और निर्धारित समय के अनुसार 16 जून को हैदराबाद में लैंडिंग होनी थी। लेकिन उड़ान के दौरान एक बम धमकी मिली, जिसके चलते जैसे ही विमान भारतीय एयरस्पेस के करीब पहुँचा, उसे यू-टर्न लेकर वापस लौटने का आदेश दिया गया।

एयरलाइन और एयरपोर्ट अधिकारियों ने दी पुष्टि

इस घटना के बाद समाचार एजेंसी एएनआई के हवाले से यह जानकारी सामने आई कि लुफ्थांसा एयरलाइन ने खुद एक बयान में कहा, “हमें हैदराबाद में उतरने की अनुमति नहीं दी गई, इसलिए हमें विमान को फ्रैंकफर्ट लौटाना पड़ा।” हैदराबाद एयरपोर्ट के एक वरिष्ठ अधिकारी ने भी इस बात की पुष्टि की और बताया कि जब धमकी मिली, उस वक्त विमान भारतीय सीमा के बाहर था।

क्यों लिया गया ये बड़ा फैसला ?

हवाई अड्डा अधिकारियों ने यह साफ किया कि बम धमकी के कारण विमान को भारत में लैंड नहीं करने दिया गया। सुरक्षा एजेंसियों को जैसे ही धमकी की सूचना मिली, उन्होंने विमान को एयरस्पेस में घुसने की इजाजत नहीं दी। हालांकि, कुछ बयानों में यह विरोधाभास भी देखने को मिला कि एयरलाइन की ओर से लैंडिंग की अनुमति न मिलने की बात कही गई और एयरपोर्ट अधिकारियों ने धमकी को प्राथमिक कारण बताया। लेकिन दोनों ही पक्षों की बात से यह साफ है कि फैसला यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ही लिया गया।

धमकी की जांच जारी, जानकारी अभी सीमित

अब तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि धमकी किसने दी, इसकी प्रकृति क्या थी, या धमकी देने वाला कौन था। फ्लाइट में मौजूद यात्रियों की सूची, या किसी खास संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी भी सार्वजनिक नहीं की गई है। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही हैं ताकि सच सामने आ सके।

लगातार धमकियों से बढ़ी सुरक्षा चिंताएं

यह पहली बार नहीं है जब किसी अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट को ऐसी धमकी मिली हो। हाल के दिनों में लगातार दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को बम धमकी मिली है, जिससे भारत की एयर स्पेस और एयरपोर्ट्स पर सुरक्षा की चिंता और सख्ती दोनों बढ़ गई हैं। नागरिक उड्डयन मंत्रालय, सुरक्षा एजेंसियां और सभी एयरलाइनों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इन दोनों धमकियों के पीछे कोई एक ही संगठन या व्यक्ति तो नहीं है, या ये महज दो अलग-अलग घटनाएं हैं।

कड़ी निगरानी और सुरक्षा पर फोकस

इन घटनाओं को देखते हुए एयरपोर्ट्स पर सुरक्षा जांच और निगरानी और ज्यादा सख्त कर दी गई है। सरकार ने यह साफ कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सभी एयरलाइनों को निर्देशित किया गया है कि कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत सूचना दें और आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखें।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें