Makhana Chaat Recipe : अगर आप शाम के समय कुछ हल्का, स्वादिष्ट और हेल्दी खाने की तलाश में हैं, तो मखाना चाट एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। यह चाट न केवल आपके स्वाद को संतुष्ट करती है, बल्कि सेहत के लिहाज से भी फायदेमंद है। मखाने में प्रोटीन, फाइबर, कार्बोहाइड्रेट, आयरन, मैग्नीशियम और पोटेशियम जैसे कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं। इसमें मौजूद कैल्शियम और फाइबर हड्डियों को मजबूत बनाने के साथ-साथ वजन घटाने में भी मदद करते हैं।
मखाना चाट के लिए आवश्यक सामग्री:
मखाने – 2 कप
घी – 1 चम्मच
प्याज (बारीक कटा) – 1/4 कप
टमाटर (बारीक कटा) – 1/4 कप
हरी मिर्च (बारीक कटी) – 1
हरा धनिया (बारीक कटा) – 2 चम्मच
भुनी मूंगफली – 2 चम्मच
चाट मसाला – 1 चम्मच
काला नमक – 1/2 चम्मच
नींबू का रस – 1 चम्मच
दही – 2-3 चम्मच
इमली की चटनी – 1 चम्मच
मखाना चाट बनाने की विधि:
पहला स्टेप: सबसे पहले एक कड़ाही में घी गरम करें। इसमें मखाने डालकर धीमी आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक भून लें। फिर इन्हें एक प्लेट में निकालकर ठंडा होने दें।
दूसरा स्टेप: अब एक बड़े बाउल में भुने हुए मखाने लें और उसमें बारीक कटे प्याज, टमाटर, हरी मिर्च और हरा धनिया मिलाएं। इसके बाद चाट मसाला, काला नमक और नींबू का रस डालें और अच्छे से मिक्स करें।
तीसरा स्टेप: अब इसमें दही, भुनी मूंगफली और इमली की चटनी डालें। सभी चीजों को अच्छे से मिला लें और तुरंत परोसें, ताकि मखानों की कुरकुराहट बनी रहे।
मखाना खाने के स्वास्थ्य लाभ:
हड्डियों के लिए फायदेमंद: मखाने में भरपूर कैल्शियम होता है, जो हड्डियों और दांतों को मजबूत बनाता है।
वजन घटाने में मददगार: यह कम कैलोरी और हाई फाइबर से भरपूर होता है, जिससे पेट लंबे समय तक भरा रहता है और भूख कम लगती है।
पाचन में सहायक: फाइबर की अधिकता के कारण यह पाचन तंत्र को दुरुस्त रखता है।
पोषक तत्वों से भरपूर: इसमें मैग्नीशियम, पोटेशियम, फास्फोरस जैसे जरूरी तत्व मौजूद होते हैं।
ग्लूटेन फ्री: मखाना ग्लूटेन फ्री होता है, जिससे यह एलर्जी से पीड़ित लोगों के लिए सुरक्षित विकल्प है।

