Delhi Fire : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। आपको बता दें कि पूर्वी दिल्ली के ओल्ड गोविंदपुरा इलाके की एक रिहायशी इमारत में भीषण आग लग गई, जिसमें दो लोगों की जलकर मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दमकल और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
कैसे हुआ हादसा?
अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 8 बजकर 46 मिनट पर जगतपुरी थाने को सूचना मिली कि ओल्ड गोविंदपुरा की ‘बंद गली’ में एक इमारत में आग लग गई है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। इमारत के अंदर 10 लोगों के फंसे होने की सूचना मिली, जिनमें से 6 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि 4 को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया।
Delhi Fire incident | A fire broke out in a house at Band Gali, Old Govindpura. A call was received at around 8.46 pm regarding the fire incident. 6 people were rescued safely. 4 people were sent to Dr Hedgewar Hospital, out of which, 2 were declared dead. The deceased are…
— ANI (@ANI) July 15, 2025
अस्पताल में दो की मौत, दो का इलाज जारी
घायलों को तुरंत हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने 28 वर्षीय तनवीर और नुसरत को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य दो घायलों फैजल और 18 वर्षीय आसिफ का इलाज अस्पताल में जारी है। इन दोनों की हालत भी गंभीर बताई जा रही है।
अब तक आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं
फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया है, लेकिन अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि आग किस कारण लगी। पुलिस और फोरेंसिक टीम द्वारा मामले की जांच जारी है। शुरुआती अनुमान है कि आग शॉर्ट सर्किट या किसी ज्वलनशील पदार्थ के कारण लग सकती है, लेकिन फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं की गई है।
मृतकों की पहचान हुई
इस हादसे में जिन दो लोगों की मौत हुई है, उनकी पहचान ओल्ड गोविंदपुरा निवासी तनवीर (28) और नुसरत के रूप में हुई है। वहीं, घायल फैसल और आसिफ खुरेजी खास की कसाईवाली गली के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
इलाके में मातम, प्रशासन अलर्ट
घटना के बाद इलाके में मातम का माहौल है। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य के लिए पूरी मुस्तैदी दिखाई है। दिल्ली पुलिस और फायर ब्रिगेड के अधिकारी पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव किया जा सके।