Site icon Dainik Savera Times

बांग्लादेश-चीन संबंधों में नया अध्याय, सहयोग को और गहरा करने की उम्मीद

इंटरनेशनल डेस्क: बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने अपनी चीन यात्रा से पहले राजधानी ढाका में शिन्हुआ समाचार एजेंसी को दिए एक विशेष साक्षात्कार में कहा, ”हम चीन को एक अच्छा मित्र मानते हैं। पिछले कई वर्षों में बांग्लादेश और चीन के बीच संबंध बेहद मजबूत हुए हैं, खासतौर पर आर्थिक और व्यापारिक क्षेत्र में हमारा सहयोग काफी घनिष्ठ रहा है। इस सहयोग से हमें काफी लाभ मिला है, और हम दोनों देशों के रिश्तों को एक नए चरण में ले जाने की आशा रखते हैं।”

यूनुस ने कहा कि अंतरिम सरकार का मुख्य उद्देश्य बांग्लादेश के पुनर्निर्माण को आगे बढ़ाना है। उन्होंने चीन की विकास उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि यह बांग्लादेश के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने यह भी बताया कि कई बांग्लादेशी इस बात पर विचार कर रहे हैं कि चीन के विकास मॉडल को अपने देश में कैसे अपनाया जा सकता है। उन्होंने कहा, ”हम चीन के अनुभव से सीखेंगे और इसे बांग्लादेश के विकास में शामिल करने के तरीकों पर विचार करेंगे।”

गरीबी उन्मूलन के संदर्भ में यूनुस ने चीन की नीतियों की प्रशंसा की और कहा कि कई देश केवल जीडीपी वृद्धि पर ध्यान केंद्रित करते हैं, जबकि आम जनता की जरूरतों को नजरअंदाज कर दिया जाता है। इसके विपरीत, चीन ने निम्न आय वर्ग के लोगों की भलाई को प्राथमिकता दी और गरीबी उन्मूलन में उल्लेखनीय सफलता हासिल की। उन्होंने यह भी बताया कि हाल के वर्षों में चीन और बांग्लादेश के बीच व्यापारिक सहयोग ने ऊंची गति पकड़ी है।

चीन बीते 15 वर्षों से बांग्लादेश का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार बना हुआ है। वर्तमान में बांग्लादेश में लगभग एक हजार चीनी कंपनियां सक्रिय हैं, जिनसे 5.5 लाख से अधिक नौकरियां पैदा हुई हैं। भविष्य को लेकर आशावादी रुख अपनाते हुए यूनुस ने कहा कि दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा, ”मैं अधिक चीनी निवेशकों को बांग्लादेश में निवेश करने, व्यापार शुरू करने और संयुक्त रूप से एक व्यापक बाजार खोलने के लिए आमंत्रित करता हूं।”

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

Exit mobile version