Site icon Dainik Savera Times

UP की सियासत में नया धमाका, ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद साथ मिलकर लड़ेंगे विधानसभा चुनाव

AIMIM chief Asaduddin Owaisi, Chandrashekhar Azad

नेशनल डेस्कः उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले एक नया सियासी समीकरण बनता दिखाई दे रहा है। दलित और मुस्लिम वोटों को एक साथ लाने की कोशिश के तहत AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने हाथ मिला लिया है। दोनों नेताओं ने एक साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उत्तर प्रदेश में तीसरे मोर्चे के गठन का ऐलान किया है।

इस नए गठबंधन को ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ नाम दिया गया है। माना जा रहा है कि इस गठबंधन के जरिए दोनों नेता प्रदेश में दलित और मुस्लिम मतदाताओं को एक साथ जोड़ने की कोशिश करेंगे। इस नए राजनीतिक मोर्चे से समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

 

150 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी
जानकारी के मुताबिक, ओवैसी और चंद्रशेखर का यह नया मोर्चा उत्तर प्रदेश की करीब 150 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ सकता है। गुरुवार को ओवैसी लखनऊ पहुंचे, जहां उन्होंने चंद्रशेखर आजाद के साथ मिलकर गठबंधन का ऐलान किया।

दोनों नेताओं की इस राजनीतिक साझेदारी को 2027 के विधानसभा चुनाव के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। अगर यह मोर्चा दलित और मुस्लिम वोटों को अपने पक्ष में करने में सफल रहता है तो प्रदेश के कई विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी मुकाबले का समीकरण बदल सकता है।

सपा और कांग्रेस पर AIMIM का बड़ा हमला
गठबंधन के ऐलान से पहले AIMIM के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधा था। शौकत अली का कहना था कि AIMIM की तरफ से समाजवादी पार्टी और कांग्रेस दोनों को गठबंधन का प्रस्ताव दिया गया था, लेकिन दोनों पार्टियों ने इस पर सकारात्मक रुख नहीं दिखाया। उन्होंने आरोप लगाया कि इन पार्टियों के नेताओं में अहंकार है।

शौकत अली ने बिहार चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह बिहार में तेजस्वी यादव को राजनीतिक चुनौती दी गई थी, उसी तरह अब उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव को भी जवाब दिया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव की पार्टी को 27 सीटों तक सीमित कर दिया जाएगा।

क्या ओवैसी और चंद्रशेखर बिगाड़ेंगे अखिलेश यादव का खेल?
ओवैसी और चंद्रशेखर के एक साथ आने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि क्या यह गठबंधन अखिलेश यादव के लिए परेशानी खड़ी कर सकता है? दरअसल, उत्तर प्रदेश की राजनीति में मुस्लिम और दलित वोट बैंक की अहम भूमिका मानी जाती है। प्रदेश में करीब 20 प्रतिशत मुस्लिम और 21 प्रतिशत दलित आबादी है। इन दोनों वर्गों के वोट कई विधानसभा सीटों पर चुनाव का परिणाम बदलने की ताकत रखते हैं।

राजनीतिक आंकड़ों के मुताबिक

– उत्तर प्रदेश में मुस्लिम आबादी करीब 20 प्रतिशत है।

– मुस्लिम वोट करीब 143 विधानसभा सीटों पर प्रभाव डालते हैं।

– दलित आबादी करीब 21 प्रतिशत है।

– दलित वोट करीब 150 विधानसभा सीटों पर बड़ा चुनावी फैक्टर माने जाते हैं।

– ओवैसी और चंद्रशेखर का मोर्चा करीब 150 सीटों पर चुनाव लड़ सकता है।

ऐसे में अगर दोनों नेता इन दोनों वर्गों के मतदाताओं को अपने साथ जोड़ने में कामयाब होते हैं तो समाजवादी पार्टी के मुस्लिम वोट बैंक पर असर पड़ सकता है। वहीं, बहुजन समाज पार्टी के लिए भी दलित वोटों के समीकरण को संभालना चुनौती बन सकता है।

ओम प्रकाश राजभर बोले- सपा और बसपा के लिए तैयार हो रहा जहर
ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन को लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी भी शुरू हो गई है। योगी सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने इस गठबंधन पर प्रतिक्रिया दी है। राजभर ने कहा कि यह गठबंधन नहीं, बल्कि समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के लिए जहर तैयार हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि दोनों नेता मिलकर अखिलेश यादव और बसपा की राजनीति को नुकसान पहुंचाएंगे। राजभर के इस बयान के बाद प्रदेश में नए मोर्चे को लेकर राजनीतिक चर्चाएं और तेज हो गई हैं।

सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने गठबंधन को बताया बेअसर
वहीं, समाजवादी पार्टी की तरफ से भी इस गठबंधन पर प्रतिक्रिया सामने आई है। सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने इंडिया टीवी से बातचीत में कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता बाहरी लोगों पर भरोसा नहीं करती। उन्होंने कहा कि ये नेता कभी हुमायूं कबीर के साथ गठबंधन करते हैं तो कभी किसी दूसरे नेता के साथ खड़े हो जाते हैं। नदवी के मुताबिक, किसी नए नेता या पार्टी के साथ आने से उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी का गठबंधन कमजोर नहीं होने वाला है।

 

Exit mobile version