जोहान्सबर्ग: भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी20 शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग पहुंचे। नासरेक में उनके पहुंचते ही दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
22–23 नवंबर को होगा जी20 सम्मेलन
दो दिन तक चलने वाले इस सम्मेलन में दुनिया के कई बड़े नेता हिस्सा ले रहे हैं। पीएम मोदी शुक्रवार दोपहर स्थानीय समयानुसार दक्षिण अफ्रीका पहुंचे। उन्होंने कहा कि वे वैश्विक नेताओं के साथ मिलकर दुनिया के जरूरी मुद्दों पर चर्चा करने के लिए उत्साहित हैं। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “हमारा ध्यान वैश्विक सहयोग बढ़ाने, विकास की प्राथमिकताओं को आगे ले जाने और सभी के लिए बेहतर भविष्य सुनिश्चित करने पर होगा।”
ऑस्ट्रेलिया के पीएम से मुलाकात
जोहान्सबर्ग पहुंचने के बाद पीएम मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज से मुलाकात की। ऑस्ट्रेलियाई पीएम ने हाल ही में भारत में हुए आतंकी हमले पर संवेदना व्यक्त की और भारत के साथ एकजुटता दिखाई। दोनों नेताओं ने आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक लड़ाई को और मजबूत करने पर सहमति जताई।
बैठक में कई क्षेत्रों पर बातचीत हुई
राजनीतिक और रणनीतिक साझेदारी, रक्षा और सुरक्षा, ऊर्जा, व्यापार और निवेश, क्रिटिकल मिनरल्स, टेक्नोलॉजी और मोबिलिटी, शिक्षा, लोगों के बीच संपर्क बढ़ाना और दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और वैश्विक चुनौतियों पर भी अपने विचार साझा किए।
अफ्रीका में पहला जी20 सम्मेलन
यह लगातार चौथी बार है जब जी20 समिट ग्लोबल साउथ में हो रहा है। 2023 में भारत की अध्यक्षता के बाद इस साल दक्षिण अफ्रीका पहली बार जी20 की मेजबानी कर रहा है। यह प्रधानमंत्री मोदी का दक्षिण अफ्रीका का चौथा आधिकारिक दौरा है। इससे पहले वे 2016 के द्विपक्षीय दौरे और 2018 व 2023 के ब्रिक्स सम्मेलनों में शामिल होने के लिए यहां आए थे।
रवाना होने से पहले पीएम मोदी का बयान
दक्षिण अफ्रीका के लिए निकलने से पहले पीएम मोदी ने कहा था, “यह समिट खास है क्योंकि यह अफ्रीका में होने वाला पहला जी20 सम्मेलन है। भारत की 2023 की अध्यक्षता के दौरान अफ्रीकी यूनियन को जी20 सदस्यता दी गई थी। यह आयोजन दुनिया के महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा का बड़ा मौका है।” उन्होंने कहा कि इस साल जी20 की थीम ‘एकजुटता, समानता और स्थिरता’ है, और वे इसमें ‘वसुधैव कुटुंबकम’ एक धरती, एक परिवार, एक भविष्य की भावना के साथ भारत का दृष्टिकोण पेश करेंगे।
मेष: दिन शुभ रहेगा...