Site icon Dainik Savera Times

PM मोदी का कोलंबो में हुआ भव्य स्वागत, राष्ट्रपति ने मित्र विभूषण पुरस्कार से किया सम्मानित

PM Modi grand welcome Colombo ; नेशनल डेस्क : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अपनी तीन दिवसीय यात्रा पर श्रीलंका की राजधानी कोलंबो पहुंचे। उनका श्रीलंका में शानदार स्वागत किया गया, जहां हवाई अड्डे पर श्रीलंका के पांच शीर्ष मंत्री उनका स्वागत करने के लिए मौजूद थे। इनमें विदेश मंत्री विजिता हेराथ, स्वास्थ्य मंत्री नलिंदा जयतिस्सा और मत्स्य पालन मंत्री रामलिंगम चंद्रशेखर शामिल थे। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी को कोलंबो के इंडिपेंडेंस स्क्वायर पर श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने सम्मानित किया और स्वतंत्रता चौक पर औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

PM मोदी की राष्ट्रपति के साथ वार्ता, मित्र विभूषण पुरस्कार…

आपको बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी और श्रीलंकाई राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके के बीच शनिवार को व्यापक वार्ता होने वाली है। इस बैठक के बाद भारत और श्रीलंका के बीच लगभग 10 महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनने की संभावना है। इनमें रक्षा, ऊर्जा सुरक्षा और डिजिटलीकरण जैसे अहम क्षेत्र शामिल हैं। यह दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। वहीं श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मित्र विभूषण पुरस्कार से सम्मानित किया।

यह मेरी श्रीलंका की चौथी यात्रा…

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी श्रीलंका यात्रा के दौरान कहा, “प्रधानमंत्री के तौर पर यह मेरी श्रीलंका की चौथी यात्रा है। 2019 में जब मैं श्रीलंका आया था, वह समय बहुत ही संवेदनशील था। उस समय मुझे विश्वास था कि श्रीलंका उभरेगा और मजबूत होगा। आज मुझे खुशी हो रही है कि श्रीलंका प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।” प्रधानमंत्री ने श्रीलंका के लोगों के धैर्य और साहस की सराहना की और कहा कि यह भारत के लिए गर्व की बात है कि हम एक सच्चे पड़ोसी और मित्र के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं।

राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके द्वारा सम्मान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को श्रीलंका द्वारा एक बड़ा सम्मान दिया गया। उन्हें श्रीलंका मित्र विभूषण से सम्मानित किया गया। इस सम्मान को स्वीकार करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “आज मुझे राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके द्वारा श्रीलंका मित्र विभूषण से सम्मानित किया जाना मेरे लिए गर्व की बात है। यह सिर्फ मेरा सम्मान नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है।” प्रधानमंत्री मोदी ने इस सम्मान को भारत और श्रीलंका के बीच ऐतिहासिक संबंधों और गहरी मित्रता का प्रतीक बताया।

आभार व्यक्त करते हुए PM मोदी का बयान

प्रधानमंत्री मोदी ने इस सम्मान के लिए श्रीलंकाई राष्ट्रपति, सरकार और वहां के लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “यह सम्मान भारत और श्रीलंका के बीच ऐतिहासिक रिश्तों की गहरी मित्रता का प्रतीक है, और मैं इसके लिए श्रीलंका के लोगों का धन्यवाद करता हूं।”

बैंकाक यात्रा के बाद श्रीलंका पहुंचे PM मोदी

दरअसल, PM मोदी अपनी श्रीलंका यात्रा पर बैंकाक से पहुंचे हैं, जहां उन्होंने बिम्सटेक (बहु-क्षेत्रीय तकनीकी और आर्थिक सहयोग के लिए बंगाल की खाड़ी पहल) के शिखर सम्मेलन में भाग लिया था। यह सम्मेलन क्षेत्रीय सहयोग और विकास पर केंद्रित था, और प्रधानमंत्री मोदी ने इसमें भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया।

PM का संयुक्त दृष्टिकोण पर बयान

प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी श्रीलंका यात्रा पर रवाना होने से पहले एक बयान में कहा, ‘‘हमारे पास ‘साझा भविष्य के लिए साझेदारी को बढ़ावा देने’ के संयुक्त दृष्टिकोण पर हुई प्रगति की समीक्षा करने और हमारे साझा उद्देश्यों को साकार करने के लिए आगे मार्गदर्शन प्रदान करने का अवसर होगा।’’ यह दृष्टिकोण श्रीलंकाई राष्ट्रपति की तीन महीने पहले दिल्ली यात्रा के दौरान तय किया गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की श्रीलंका यात्रा भारतीय और श्रीलंकाई संबंधों को और मजबूत करने का एक अहम अवसर है। गार्ड ऑफ ऑनर और शीर्ष नेताओं के बीच वार्ता से दोनों देशों के बीच कई महत्वपूर्ण समझौतों की संभावना है, जो रक्षा, ऊर्जा सुरक्षा और डिजिटलीकरण जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाएंगे।

Exit mobile version