Last Updated: October 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘प्रधानमंत्री आधा समय विदेश में बिताते हैं’, राहुल गांधी के बचाव में आई प्रियंका गांधी वाड्रा

December 10, 2025

‘प्रधानमंत्री आधा समय विदेश में बिताते हैं’, राहुल गांधी के बचाव में आई प्रियंका गांधी वाड्रा

नई दिल्ली: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने राहुल गांधी के प्रस्तावित जर्मनी दौरे को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा सवाल खड़े किए जाने के बाद बुधवार को पलटवार करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपना आधा कामकाजी समय विदेश में बिताते हैं तो फिर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष की यात्रा पर सवाल क्यों उठाए जा रहे हैं।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी 15 से 20 दिसंबर तक जर्मनी का दौरा करेंगे, जहां वह भारतीय प्रवासियों के साथ बातचीत के साथ ही जर्मन सरकार के कुछ मंत्रियों से भी मुलाकात करेंगे।

नेता प्रतिपक्ष की यात्रा पर सवाल क्यों?

भाजपा द्वारा संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान राहुल गांधी की इस यात्रा पर सवाल खड़े करने पर प्रियंका गांधी ने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘मोदी जी अपना लगभग आधा कामकाजी समय देश से बाहर बिताते हैं तो वे (भाजपा) नेता प्रतिपक्ष की यात्रा पर सवाल क्यों उठा रहे हैं?’’

विदेश दौरे पर जा रहे विदेश नायक- भाजपा

इससे पहले भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘एक बार फिर विदेश नायक वही कर रहे हैं जो वह सबसे अच्छा करते हैं। विदेश दौरे पर जा रहे हैं। संसद 19 दिसंबर तक चलेगी, लेकिन खबरों के मुताबिक राहुल गांधी 15-20 दिसंबर तक जर्मनी का दौरा करेंगे।’’ उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि राहुल गांधी ने ‘एलओपी’ यानी ‘लीडर ऑफ पर्यटन’ हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें