Sultanpur Accident: सुल्तानपुर जिले में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना शुक्रवार शाम कादीपुर कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ-बलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर पदारथपुर चौराहे पर उस समय हुई जब प्रदीप उपाध्याय (57) पांडेबाबा बाजार से अपने घर पदारथपुर जा रहे थे।
थाना प्रभारी श्याम सुंदर ने बताया कि मोड़ पर मुड़ते समय उपाध्याय की मोटरसाइकिल कादीपुर की ओर से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से टकरा गई। उन्होंने बताया कि उपाध्याय के साथ दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार बागसराय रायबिगो निवासी बाबुल पाल (18), विशाल माली (20) और स्नोज (18) घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि सभी को पहले कादीपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज, सुल्तानपुर रेफर कर दिया गया।
डॉक्टरों के अनुसार प्रदीप उपाध्याय की इलाज के दौरान मौत हो गई। बाबुल, विशाल और सनोज को गंभीर हालत के चलते लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा विधिक कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें- जालंधर में आज लगेगा 6 घंटे का Power Cut, इन इलाकों में बंद रहेगी बिजली

