Site icon Dainik Savera Times

खालिदा जिया के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे जयशंकर, कल जाएंगे ढाका

s-jaishankar-will-attend-khaleda-zia-funeral

s-jaishankar-will-attend-khaleda-zia-funeral

नई दिल्ली: भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की अध्यक्ष बेगम खालिदा जिया के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। विदेश मंत्रालय ने बताया कि वह भारत सरकार और देशवासियों का प्रतिनिधित्व करते हुए 31 दिसंबर 2025 को ढाका जाएंगे।

फेफड़ों में संक्रमण के चलते कराया था अस्पताल में भर्ती

बेगम खालिदा जिया का आज सुबह 80 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वह ढाका के एवरकेयर अस्पताल में इलाज करा रही थीं। BNP की ओर से जारी बयान के अनुसार, उनका निधन सुबह करीब 6 बजे, फज्र की नमाज के तुरंत बाद हुआ। पार्टी ने उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की अपील की है।

खालिदा जिया को 23 नवंबर को फेफड़ों में संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह लंबे समय से कई गंभीर बीमारियों से पीड़ित थीं, जिनमें दिल की बीमारी, डायबिटीज, गठिया, लिवर सिरोसिस और किडनी की समस्या शामिल थीं। इस महीने की शुरुआत में बेहतर इलाज के लिए उन्हें लंदन भी भेजा गया था।

प्रधानमंत्री मोदी ने शोक जताया 

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खालिदा जिया के निधन पर गहरा शोक जताया। उन्होंने उनके परिवार और बांग्लादेश के लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि खालिदा जिया के निधन की खबर से उन्हें बहुत दुख हुआ है और ईश्वर से प्रार्थना की कि उनके परिवार को इस कठिन समय में शक्ति मिले। खालिदा जिया के निधन पर दुनिया भर के नेताओं ने शोक संदेश भेजे हैं।

सुशीला कार्की ने भी जताया दुख 

नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने भी गहरा दुख जताते हुए कहा कि खालिदा जिया ने सार्वजनिक जीवन में लंबी सेवा की और बांग्लादेश की लोकतांत्रिक यात्रा में उनकी भूमिका ऐतिहासिक रही। उन्होंने खालिदा जिया को “नेपाल की सच्ची मित्र” बताया और नेपाल-बांग्लादेश संबंधों को मजबूत करने में उनके योगदान को याद किया। बेगम खालिदा जिया को बांग्लादेश की राजनीति में एक मजबूत और प्रभावशाली लोकतांत्रिक नेता के रूप में हमेशा याद किया जाएगा।

Exit mobile version