Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

आज ही के दिन Sachin Tendulkar ने रचा था इतिहास, 1990 में पहली बार किया था कुछ ऐसा करिश्मा

August 14, 2025

आज ही के दिन Sachin Tendulkar ने रचा था इतिहास, 1990 में पहली बार किया था कुछ ऐसा करिश्मा

Sachin Tendulkar : 14 सितंबर का दिन भारतीय क्रिकेट के इतिहास में खास महत्व रखता है। आज से ठीक 35 साल पहले, 1990 में, मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने अपने इंटरनेशनल करियर का पहला टेस्ट शतक जड़ा था। इंग्लैंड के खिलाफ ओल्ड ट्रैफर्ड में खेली गई इस पारी के साथ वह टेस्ट क्रिकेट में शतक लगाने वाले दूसरे सबसे युवा बल्लेबाज बने थे। उस समय सचिन की उम्र महज 17 साल 107 दिन थी और यह उनके करियर का 9वां टेस्ट मैच था।

सबसे कम उम्र में टेस्ट शतक लगाने का रिकॉर्ड

टेस्ट क्रिकेट में सबसे कम उम्र में शतक लगाने का रिकॉर्ड बांग्लादेश के पूर्व कप्तान मोहम्मद अशरफुल के नाम है, जिन्होंने 2001 में 17 साल 61 दिन की उम्र में श्रीलंका के खिलाफ शतक बनाया था। दूसरे स्थान पर पाकिस्तान के मुश्ताक मोहम्मद हैं, जिन्होंने 17 साल 78 दिन की उम्र में भारत के खिलाफ शतक बनाया था। उस समय सचिन तेंदुलकर इस सूची में तीसरे स्थान पर थे, लेकिन वे भारत के लिए यह उपलब्धि हासिल करने वाले सबसे कम उम्र के बल्लेबाज़ बने।

पहली पारी में अजहरुद्दीन का शतक, सचिन का अर्धशतक

उस मैच में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 519 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम ने 432 रन बनाए, जिसमें कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन ने शानदार 179 रन बनाए। संजय मांजरेकर 93 रन बनाकर आउट हुए, जबकि सचिन तेंदुलकर ने 136 गेंदों पर 68 रनों की पारी खेली।

दूसरी पारी में आया पहला शतक

इंग्लैंड ने दूसरी पारी में 320/4 पर पारी घोषित कर भारत को 408 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब में भारतीय बल्लेबाजों ने मजबूती से खेलते हुए मैच ड्रॉ कराया। इस बार सचिन तेंदुलकर ने 189 गेंदों में 17 चौकों की मदद से नाबाद 119 रन बनाए और अपना पहला टेस्ट शतक पूरा किया। उनके साथ मनोज प्रभाकर 67 रन बनाकर नॉटआउट रहे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें