नेशनल डेस्क: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में गुरुवार तड़के सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। यह मुठभेड़ गोलापल्ली इलाके के घने जंगल और पहाड़ियों में हुई। पुलिस को पहले से सूचना मिली थी कि इलाके में नक्सली मौजूद हैं, जिसके बाद जिला रिजर्व गार्ड (DRG) की टीम को सर्च ऑपरेशन के लिए भेजा गया।
सुबह से ही सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच रुक-रुक कर गोलीबारी होती रही। इस मुठभेड़ में तीन नक्सली मारे गए हैं, जिनमें एक महिला नक्सली भी शामिल है। मौके से हथियार भी बरामद किए गए हैं। पूरे इलाके को घेर लिया गया है और सर्च ऑपरेशन अभी जारी है।
सुकमा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) किरण चव्हाण ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि मारे गए नक्सलियों की पहचान हो चुकी है। इनके नाम माड़वी जोगा उर्फ मुन्ना, सोढ़ी बंडी और नुप्पो बजनी (महिला) हैं। ये तीनों किस्टाराम एरिया कमेटी के सक्रिय सदस्य थे। माड़वी जोगा और सोढ़ी बंडी एरिया कमेटी में एसीएम पद पर थे। तीनों पर 5-5 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
मुठभेड़ के बाद गोलापल्ली और आसपास के जंगल-पहाड़ी इलाकों में सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। अतिरिक्त सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है। एसपी किरण चव्हाण खुद पूरे ऑपरेशन पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस का कहना है कि सर्च ऑपरेशन खत्म होने के बाद ही पूरी जानकारी दी जाएगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस साल अब तक छत्तीसगढ़ में अलग-अलग मुठभेड़ों में कुल 284 नक्सली मारे जा चुके हैं। इनमें से 255 नक्सली बस्तर संभाग के बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा सहित सात जिलों में ढेर किए गए हैं। वहीं रायपुर क्षेत्र के गरियाबंद जिले में 27 और दुर्ग क्षेत्र के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में 2 नक्सली मारे गए हैं। फिलहाल गोलापल्ली क्षेत्र में नक्सलियों की मौजूदगी पूरी तरह खत्म करने के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। पुलिस ने बताया कि अभियान पूरा होने के बाद आधिकारिक बयान जारी किया जाएगा।
मेष: दिन शुभ रहेगा...