हिमाचल डेस्कः शिमला जिले के रामपुर उपमंडल के तकेलच क्षेत्र में एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है। स्कूल से घर लौट रही 13 वर्षीय छात्रा की गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
ये भी देखें :-
घर लौटते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना 23 फरवरी को हुई। मृतका की पहचान कविता (13), पुत्री बिटू, निवासी गांव पाट दामिणी, डाकघर काशापाट, तहसील रामपुर, जिला शिमला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कविता आठवीं कक्षा की छात्रा थी और स्कूल से पढ़ाई पूरी कर घर लौट रही थी। तभी तकेलच क्षेत्र से गुजरते समय अचानक उसका पैर फिसल गया, जिससे वह संतुलन खो बैठी और गहरी खाई में जा गिरी। गिरने से उसके सिर में गंभीर चोटें आईं, जो जानलेवा साबित हुईं।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से छात्रा को महात्मा गांधी मेडिकल सर्विस कॉम्प्लेक्स, खनेरी ले जाया गया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस दुखद घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और स्तब्धता का माहौल है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही एएसआई सतविंद्र के नेतृत्व में पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट अभी आना बाकी है।
ये भी पढ़ें :-

