Last Updated: November 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

हाॅस्टल की पांचवीं मंजिल से कूदी छात्रा, जांच में जुटी पुलिस

September 29, 2025

हाॅस्टल की पांचवीं मंजिल से कूदी छात्रा, जांच में जुटी पुलिस

हिमाचल डेस्क. हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के कोटखाई उपमंडल के एक निजी डे बोर्डिंग स्कूल के हॉस्टल की पांचवीं मंजिल से कूदकर एक छात्रा ने आत्महत्या कर ली। यह छात्रा रूट्स कंट्री स्कूल बागी में नौवीं कक्षा में पढ़ती थी। इसका नाम जेसिका शर्मा था। जेसिका रविवार सुबह 6 बजे हॉस्टल की मंजिल से कूदी। उस समय ज्यादातर बच्चे रविवार की छुट्टी के चलते सो रहे थे। पुलिस ने केस दर्ज कर आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है। जेसिका पुत्री दीपक शर्मा दो साल से इसी डे बोर्डिंग स्कूल में पढ़ाई कर रही थी।

घटना के बाद स्कूल पहुंचे परिजनों ने बताया कि जेसिका बीते दिनों ही घर से लौटी थी। वह इन दिनों स्कूल के एनएसएस कैंप में भाग ले रही थी। शिविर में हाल ही में उसने दो मेडल भी जीते थे। जेसिका ने न तो कभी घर पर और न ही स्कूल में किसी से परेशानी का जिक्र किया। आखिर उसने ऐसा कदम क्यों उठाया। घटना के बाद छात्रा को कोटखाई स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव का पोस्टमार्टम सोमवार को आईजीएमसी शिमला में होगा। शिमला के पुलिस अधीक्षक संजीव गांधी ने बताया कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

चाचा अमित शर्मा ने बताया कि कुछ दिन पहले बीमार होने पर जेसिका घर आई थी। शनिवार शाम को उसने मां को फोन कर बताया था कि पापा को बोलना कि मुझे यहां अगले सत्र से दाखिला नहीं लेना है। जेसिका पढ़ाई में अच्छा कर रही थी। ऐसे में समझ नहीं आ रहा कि उसने ऐसा कदम क्यों उठाया। परिवार ने पुलिस के साथ स्कूल और हाॅस्टल में सीसीटीवी फुटेज भी देखे, जिसमें छात्रा सुबह पांचवीं मंजिल पर जाती दिखी, लेकिन जिस स्थान से छात्रा कूदी, यह किसी फुटेज में पता नहीं चल रहा। सिर्फ गिरती हुई दिख रही है। जेसिका का बड़ा भाई भी इसी स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें