Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

Today Weather Update : कहीं झुलसाती गर्मी, तो कहीं बारिश की फुहारें… इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, जानिए मौसम का हाल

June 21, 2025

Today Weather Update : कहीं झुलसाती गर्मी, तो कहीं बारिश की फुहारें… इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, जानिए मौसम का हाल

Today Weather Update : भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार को देश के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। जहां अधिकांश क्षेत्रों में मॉनसून के आगमन से लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं राजस्थान के कुछ इलाकों में भीषण गर्मी अब भी जारी है। श्रीगंगानगर शनिवार को देश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सूरतगढ़ और जैसलमेर में भी तापमान 40 डिग्री के पार रहा।

पूर्वोत्तर, यूपी-मध्य प्रदेश में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर भारत, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस अलर्ट के तहत नागरिकों को सतर्क रहने और आवश्यक एहतियात बरतने की सलाह दी जाती है। वहीं, देश के शेष हिस्सों विशेष रूप से दक्षिण-पश्चिम और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों को छोड़कर येलो अलर्ट के तहत रखा गया है, जहां मध्यम से भारी बारिश की संभावना है।

दिल्ली में हवा हुई साफ… येलो अलर्ट जारी

दिल्ली में शनिवार को येलो अलर्ट घोषित किया गया है। पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश और तेज हवाओं के कारण यहां की वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ है। एक्यूआई (AQI) लगातार चौथे दिन ‘संतोषजनक’ श्रेणी में रहा और शुक्रवार को यह 75 पर दर्ज किया गया, जो पिछले वर्ष सितंबर के बाद से सबसे स्वच्छ वायु मानी जा रही है।

हिमाचल में बारिश से भूस्खलन, कई सड़कें बाधित

हिमाचल प्रदेश में हो रही मूसलाधार बारिश के चलते कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं। धर्मशाला-गगल मार्ग पर यातायात बाधित हो गया है। 22, 23, 25 और 26 जून के लिए राज्य में ऑरेंज अलर्ट, जबकि मंगलवार 24 जून के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। बता दें कि राज्य में सर्वाधिक बारिश नाहन में 84.7 मिमी दर्ज की गई। इसके अलावा पंडोह (35 मिमी), सराहन (20.5 मिमी), पांवटा साहिब (19.8 मिमी) समेत अन्य स्थानों पर भी अच्छी बारिश हुई। मौसम विभाग ने निचले और मध्य पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन, जलभराव और सड़क दुर्घटनाओं की चेतावनी दी है।

पंजाब और हरियाणा में भी बरसे बादल

पंजाब और हरियाणा में बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। चंडीगढ़ में 9.7 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। हरियाणा के रोहतक, फरीदाबाद और गुरुग्राम सहित कई क्षेत्रों में बारिश हुई। वहीं, पंजाब के पठानकोट, रूपनगर और फतेहगढ़ साहिब में भी हल्की बारिश देखी गई।

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के और अधिक हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं। 21, 22, 23 और 25 जून को इन राज्यों के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना है, जबकि 24 जून को कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें