
हमीरपुर : पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर हिमाचल प्रदेश में रेल कनेक्टिविटी, यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए विस्तृत प्रस्ताव सौंपे। मुख्य रूप से ऊना-अंब अंदौरा रेल कॉरिडोर पर केंद्रित इन प्रस्तावों में नई रेल सेवाओं, मौजूदा ट्रेनों के विस्तार और रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण की मांग उठाई गई। अनुराग ने अंब अंदौरा-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस में अंब अंदौरा स्टेशन का सीट कोटा पर्याप्त रूप से बढ़ाने का आग्रह किया।
उन्होंने बताया कि सीमित कोटे के कारण स्थानीय यात्रियों को कन्फर्म टिकट नहीं मिल पाते, जबकि अंब अंदौरा-चंडीगढ़ सेक्शन में दोनों दिशाओं में कई बार सीटें खाली रहती हैं। कोटा बढ़ने से यात्रियों को सुविधा मिलेगी और रेलवे की आय में भी वृद्धि होगी। इससे माता चिंतपूर्णी आने वाले श्रद्धालुओं तथा कांगड़ा घाटी के पर्यटकों को भी लाभ होगा।
उन्होंने अंब अंदौरा से मुंबई के लिए मुंबादेवी-चिंतपूर्णी सुपरफास्ट एक्सप्रेस सहित दो नई समर्पित एक्सप्रेस रेल सेवाएं शुरू करने का प्रस्ताव रखा। साथ ही अंब अंदौरा-हरिद्वार मेमू और ऊना हिमाचल-हरिद्वार लिंक जनशताब्दी की समय-सारणी में बदलाव कर इन्हें एक सुविधाजनक रात्रिकालीन सेवा के रूप में संचालित करने की मांग की, ताकि ट्रेन सुबह चार बजे तक हरिद्वार पहुंच सके और श्रद्धालु प्रातःकालीन धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल हो सकें। सांसद ने चंडीगढ़ में समाप्त होने वाली आठ प्रमुख ट्रेनों को ऊना हिमाचल में ठहराव देते हुए अंब अंदौरा अथवा दौलतपुर चौक तक विस्तारित करने का सुझाव भी दिया।
इसके अतिरिक्त ऊना हिमाचल रेलवे स्टेशन के अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकास के लिए बजट बढ़ाने की मांग की, ताकि पार्किंग, स्टेशन के अग्रभाग और फुट ओवरब्रिज की लिफ्ट जैसी सुविधाओं का समुचित विकास हो सके। उन्होंने बढ़ती यात्री संख्या को देखते हुए अंब अंदौरा स्टेशन पर तत्काल राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) थाना स्थापित करने के लिए हिमाचल प्रदेश सरकार के साथ समन्वय करने का आग्रह भी किया।