नेशनल डेस्क: राजस्थान की राजधानी जयपुर में सोमवार दोपहर एक भयानक सड़क हादसा हुआ जिसने पूरे शहर को हिलाकर रख दिया। यह हादसा हरमाड़ा थाना इलाके के लोहामंडी रोड पर हुआ, जहां एक बेकाबू डंपर ने कई लोगों और गाड़ियों को कुचल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, डंपर चालक शराब के नशे में था और उसने सड़क पर सामने जो भी दिखा, उसे बेरहमी से रौंद डाला। हादसे में अब तक 19 लोगों की मौत हो चुकी है और 40 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। कई घायलों की हालत गंभीर है, जिससे मौत का आंकड़ा बढ़ सकता है।
यह भी पढ़ें: भारत के लिए नहीं कभी नहीं खेले, पर महिला क्रिकेट टीम को बना दिया चैंपियन; जानें कौन हैं अमोल मजूमदार
300 मीटर तक बेकाबू होकर चलता रहा
डंपर ने पहले एक कार को टक्कर मारी, फिर वह लगातार करीब 300 मीटर तक बेकाबू होकर चलता रहा। इस दौरान उसने पांच से अधिक गाड़ियों को टक्कर मार दी और कई लोगों को कुचल दिया। सड़क पर अफरा-तफरी मच गई, लोग जान बचाने के लिए भागते रहे लेकिन डंपर ने किसी को नहीं छोड़ा। एक चश्मदीद ने बताया, “डंपर जिस दिशा में गया, वहां सबकुछ तबाह हो गया। सड़क पर सिर्फ टूटी गाड़ियां और घायल लोग पड़े थे।” स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। कई लोग बेहोश हालत में सड़क पर पड़े थे, जिन्हें एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया।
CCTV से अंदाजा लग सकता है कि डंपर किस स्पीड में था और जो सामने आया उसे रौंदता हुआ चला गया…! #Jaipurpic.twitter.com/Xe8CptKSXK
— Avdhesh Pareek (@Zinda_Avdhesh) November 3, 2025
इलाके में भारी आक्रोश
हादसे के बाद लोहामंडी इलाके में भारी आक्रोश फैल गया और लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए। सीसीटीवी फुटेज में दिखा कि हादसे से पहले डंपर ने एक कार को टक्कर मारी और जब कार चालक ने उसे रोकने की कोशिश की, तो डंपर और तेज़ी से भाग गया।
यह भी पढ़ें: ‘भारतीय गठबंधन के तीन बंदर, पप्पू, टप्पू और अप्पू’, राहुल-तेजस्वी-अखिलेश पर CM योगी ने कसा तंज
पुलिस ने डंपर चालक को पकड़ा
पुलिस ने डंपर चालक को पकड़ लिया है। शुरुआती जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि वह शराब के नशे में था। उसके सैंपल लेकर मेडिकल जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। यह हादसा जयपुर में लंबे समय बाद हुई सबसे बड़ी सड़क दुर्घटनाओं में से एक बताया जा रहा है, जिसने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

