Last Updated: November 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

पाकिस्तान में TV एंकर राबिया एहसान की गोली मारकर हत्या, हिरासत में पति; हथियार बरामद

November 9, 2026

पाकिस्तान में TV एंकर राबिया एहसान की गोली मारकर हत्या, हिरासत में पति; हथियार बरामद

रावलपिंडी: पाकिस्तान की मशहूर टीवी एंकर और प्रोग्राम होस्ट राबिया एहसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उनका शव रविवार को रावलपिंडी के गुलशनाबाद इलाके में स्थित उनके घर से बरामद हुआ। इस घटना के बाद पाकिस्तान की मीडिया इंडस्ट्री में शोक और चिंता का माहौल है। मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या का आरोप उनके पति एहसान ताहिर खान पर लगा है।

पाकिस्तानी न्यूज चैनल ‘समा’ की रिपोर्ट के मुताबिक, राबिया एहसान रविवार को अपने घर में मृत पाई गई थीं। उनके शरीर पर गोली लगने के निशान थे। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पति पर हत्या का आरोप, पुलिस ने किया गिरफ्तार

पुलिस की शुरुआती पूछताछ में राबिया के पति एहसान ताहिर खान का नाम सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान पति ने कथित तौर पर हत्या की बात कबूल की है। हालांकि, मामले की पूरी सच्चाई जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी।रावलपिंडी के सिटी पुलिस ऑफिसर (CPO) हसन मुश्ताक सुखेरा ने बताया कि पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है। साथ ही, घटना में इस्तेमाल होने के संदेह वाले हथियार को भी जब्त कर लिया गया है।

पति ने बताया हादसा, पुलिस कर रही जांच

पुलिस अधिकारी के अनुसार, घर में काम करने वाले एक पुरुष ने पुलिस को बताया कि राबिया के पति ने दावा किया था कि गोली गलती से चल गई थी। पुलिस अब इस दावे की भी जांच कर रही है कि गोली दुर्घटनावश चली थी या फिर इसके पीछे कोई दूसरी वजह थी। मामले से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

फोरेंसिक टीम जुटा रही सबूत

CPO हसन मुश्ताक सुखेरा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन), एसएसपी इन्वेस्टिगेशन और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम के साथ घटनास्थल का दौरा किया। पंजाब फोरेंसिक साइंस एजेंसी (PFSA) की टीम ने घर से जरूरी सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं। वहीं, राबिया के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है, ताकि मौत के कारणों और अन्य जरूरी तथ्यों की पुष्टि हो सके।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जांच जारी है। इस घटना ने पाकिस्तान में महिला सुरक्षा और घरेलू हिंसा से जुड़े सवालों को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। फिलहाल पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक सबूतों और आरोपी से पूछताछ के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें