
नेशनल डेस्क: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के मुवानी क्षेत्र में सोमवार सुबह एक भयंकर सड़क हादसा हुआ। एक सवारियों से भरी मैक्स जीप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जीप मुवानी से बोकटा गांव की ओर जा रही थी, जब यह दुर्घटना घटी। जीप के गिरने से स्थानीय क्षेत्र में शोक का माहौल छा गया। पुलिस और आपदा प्रबंधन टीम तुरंत मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल लोगों को खाई से निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
पिथौरागढ़ की एसपी रेखा यादव ने इस हादसे में 8 लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि राहत और बचाव कार्य तेजी से चल रहा है और प्रशासन हादसे के कारणों की जांच कर रहा है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और घायलों की स्थिति पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है। जिला प्रशासन ने घटना की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।