Winter Health Tips: सर्दियों का मौसम शुरू होते ही ठंड, रूखी त्वचा और होंठ फटने जैसी समस्याएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में सिर्फ गर्म कपड़े पहनना ही काफी नहीं है, बल्कि खानपान और अपनी रोजाना की आदतों पर भी ध्यान देना जरूरी है। आयुष मंत्रालय के अनुसार, कुछ आसान उपाय अपनाकर सर्दियों में अपनी सेहत का ध्यान रखा जा सकता है। आइए खबर में विस्तार से जानते हैं इनके बारे में…
1. सर्दियों में अच्छा खाना खाएं
आयुष मंत्रालय के मुताबिक, ठंड के मौसम में शरीर की पाचन शक्ति अच्छी रहती है। ऐसे में आप दूध, अनाज और पौष्टिक चीजें खा सकते हैं। हालांकि, जरूरत से ज्यादा खाना खाने से बचें और अपनी भूख के हिसाब से ही भोजन करें।
2. हरी सब्जियां और फल खाएं
सर्दियों में पालक, मेथी, सरसों का साग, गाजर और मूली जैसी सब्जियां जरूर खाएं। इसके अलावा संतरा, अमरूद और आंवला भी अपनी डाइट में शामिल करें। इनमें विटामिन और कई जरूरी पोषक तत्व होते हैं, जो शरीर को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं।
3. गुनगुना पानी पिएं
ठंड के मौसम में बहुत ठंडा पानी पीने से बचें। इसकी जगह गुनगुना पानी पिएं। साथ ही हमेशा ताजा बना खाना खाने की कोशिश करें।
4. सरसों के तेल से मालिश करें
सर्दियों में ठंडी हवाओं के कारण त्वचा रूखी होने लगती है। ऐसे में सरसों के तेल से शरीर की मालिश कर सकते हैं। इससे त्वचा को नमी मिलती है और सूखापन कम होता है।
5. फटे होंठों का रखें ध्यान
ठंड में होंठ जल्दी सूखने लगते हैं और उनमें दरारें पड़ सकती हैं। ऐसे में होंठों पर घी या दूध की मलाई लगा सकते हैं। इससे होंठों को नमी मिलती है। शहद का इस्तेमाल भी किया जा सकता है।

