Dainik Savera Times

हड्डियों में लगातार दर्द को न करें Ignore… ये 5 संकेत दिखें तो हो जाएँ सावधान, लें डॉक्टर की सलाह

Bones Pain Problem: कई बार शरीर के मामूली लक्षण किसी गंभीर बीमारी की आहट होते हैं, जिन्हें नजरअंदाज़ करना भारी पड़ सकता है। ऐसा ही एक उदाहरण है हड्डियों में होने वाला दर्द, जिसे लोग अक्सर थकान, उम्र बढ़ने या हल्की-फुल्की चोट से जोड़ देते हैं। लेकिन अगर यह दर्द लगातार बना रहे और धीरे-धीरे बढ़ता जाए, तो यह बोन कैंसर का शुरुआती लक्षण हो सकता है।

बोन कैंसर एक दुर्लभ लेकिन खतरनाक बीमारी है, जो शरीर की किसी भी हड्डी को प्रभावित कर सकती है। अगर समय रहते इसके संकेतों को पहचान कर इलाज शुरू किया जाए, तो इससे जान बचाई जा सकती है। आइए जानते हैं ऐसे ही पांच लक्षण जो बोन कैंसर की चेतावनी हो सकते हैं:

Bones Pain Problem
Bones Pain Problem

1. लगातार और बढ़ता हुआ दर्द

अगर किसी खास जगह पर हड्डी में लगातार दर्द बना हुआ है, और यह दर्द रात के समय या आराम करते समय और ज्यादा बढ़ जाता है, तो इसे हल्के में न लें। बोन कैंसर में शुरूआती दौर में दर्द कभी-कभार होता है, लेकिन जैसे-जैसे ट्यूमर बढ़ता है, दर्द स्थायी रूप ले लेता है।

2. हड्डी के पास सूजन या अजीब सी गांठ

हड्डी के आसपास सूजन होना या कोई ठोस गांठ महसूस होना सामान्य नहीं है। यह उस स्थान पर ट्यूमर की मौजूदगी का संकेत हो सकता है। ये गांठें कई बार दर्दनाक होती हैं और कई बार बिना दर्द के भी विकसित हो सकती हैं।

3. मामूली चोट में भी हड्डी टूट जाना

अगर बिना किसी बड़े हादसे के हड्डी टूट जाती है या बहुत हल्की चोट पर फ्रैक्चर हो जाता है, तो यह चिंता का विषय है। कैंसरग्रस्त हड्डियां अपनी मजबूती खो देती हैं और जल्दी टूट सकती हैं।

4. अंगों में कमजोरी और चलने में दिक्कत

बोन कैंसर अगर टांगों या रीढ़ की हड्डी को प्रभावित कर रहा हो, तो चलने-फिरने में तकलीफ हो सकती है। अंगों की मूवमेंट सीमित होने लगती है और व्यक्ति को साधारण कामों में भी परेशानी होने लगती है।

5. बिना वजह थकान और वजन घटना

कैंसर की वजह से शरीर में ऊर्जा की कमी होने लगती है और मेटाबॉलिज्म प्रभावित होता है। यदि अचानक वजन कम हो रहा है या सामान्य दिनचर्या में भी थकान महसूस हो रही है, तो यह अलार्मिंग हो सकता है।

क्या करें अगर ये लक्षण दिखें?

इन लक्षणों को नजरअंदाज करने की बजाय किसी ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ या कैंसर विशेषज्ञ से संपर्क करें। सही समय पर की गई जांच जैसे कि एक्स-रे, MRI या बायोप्सी से बीमारी की पुष्टि की जा सकती है और इलाज शुरू किया जा सकता है।

Exit mobile version