Facial at Home: शादी का दिन हर दुल्हन के लिए बेहद खास होता है। ऐसे में हर लड़की चाहती है कि शादी के दिन उसकी स्किन साफ और ग्लोइंग नजर आए। इसके लिए लोग पार्लर में महंगे फेशियल और प्री-ब्राइडल ट्रीटमेंट करवाते हैं। हालांकि, अगर आप घर पर ही अपनी स्किन की देखभाल करना चाहती हैं, तो कुछ आसान घरेलू तरीके भी आजमा सकती हैं। दूध, बेसन, शहद, हल्दी और गुलाब जल जैसी चीजें घर में आसानी से मिल जाती हैं। इनसे एक आसान होम फेशियल किया जा सकता है। अगर आपकी स्किन संवेदनशील है, तो किसी भी चीज को चेहरे पर लगाने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें।
किन चीजों की जरूरत होगी?
इस होम फेशियल के लिए आपको इन चीजों की जरूरत पड़ेगी:-
– 3-4 चम्मच दूध
– 1 बड़ा चम्मच बेसन
– 1 छोटा चम्मच शहद
– थोड़ी सी हल्दी
– 1 छोटा चम्मच गुलाब जल
स्टेप 1: चेहरे की सफाई
सबसे पहले 2 चम्मच दूध में 1 छोटा चम्मच गुलाब जल मिलाएं। कॉटन की मदद से इस मिश्रण को चेहरे और गर्दन पर हल्के हाथों से लगाएं। कुछ देर बाद चेहरा साफ पानी से धो लें।
स्टेप 2: हल्की स्क्रबिंग
अब एक चम्मच दूध में आधा चम्मच बेसन मिलाकर हल्का पेस्ट बना लें। इसे चेहरे पर लगाएं और करीब 2 मिनट तक बहुत हल्के हाथों से मसाज करें। इसके बाद पानी से चेहरा धो लें। ध्यान रखें कि स्किन को ज्यादा रगड़ने से जलन या लालिमा हो सकती है।
स्टेप 3: चेहरे की मसाज
इसके लिए एक चम्मच दूध में आधा चम्मच शहद मिलाएं। इस मिश्रण को चेहरे पर लगाकर करीब 5 मिनट तक हल्के हाथों से मसाज करें। इसके बाद गीले कपड़े से चेहरा साफ कर लें।
स्टेप 4: फेस पैक लगाएं
अब एक कटोरी में एक बड़ा चम्मच बेसन, एक छोटा चम्मच शहद और थोड़ी सी हल्दी लें। इसमें जरूरत के हिसाब से दूध डालकर पेस्ट तैयार करें। इस पैक को चेहरे और गर्दन पर लगाएं। इसे करीब 10-15 मिनट तक रहने दें और फिर पानी से अच्छी तरह धो लें।
शादी से पहले रखें इन बातों का ध्यान
अगर शादी में कुछ हफ्ते बाकी हैं, तो स्किन केयर रूटीन को धीरे-धीरे शुरू करना बेहतर है। किसी भी घरेलू नुस्खे को पहली बार शादी से ठीक पहले न आजमाएं। पहले पैच टेस्ट करें और अगर जलन, खुजली या लालिमा हो तो इसका इस्तेमाल बंद कर दें। साथ ही, चेहरे पर रोजाना सनस्क्रीन लगाना, पर्याप्त पानी पीना और अच्छी नींद लेना भी जरूरी है। घरेलू फेशियल से हर व्यक्ति को एक जैसा रिजल्ट मिले, यह जरूरी नहीं है।

