Site icon Dainik Savera Times

Health News: योग के 5 कोश क्या हैं? शरीर से लेकर मन की शांति तक, जानें इनका महत्व

Benefits of Yoga

Benefits of Yoga

Benefits of Yoga : योग का नाम सुनते ही सबसे पहले आसन, प्राणायाम और ध्यान याद आते हैं। लेकिन योग सिर्फ शरीर को फिट रखने का तरीका नहीं है। यह हमारे मन, सोच और अंदर की खुशी से भी जुड़ा है। आयुष मंत्रालय के अनुसार, योग में पंचकोश का सिद्धांत बताया गया है। इसके बारे में उपनिषदों में भी जानकारी मिलती है। पंचकोश के अनुसार, इंसान का जीवन पांच हिस्सों से मिलकर बना है। ये पांच कोश शरीर से लेकर मन और आत्मा तक जुड़े हैं। आइए आसान भाषा में जानते हैं इनके बारे में…

1. अन्नमय कोश

अन्नमय कोश का संबंध हमारे शरीर से है। हम जो खाना खाते हैं, उसी से शरीर को ताकत और पोषण मिलता है। इसलिए अच्छा और पौष्टिक खाना खाना जरूरी है। योग और रोजाना व्यायाम भी शरीर को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं।

2. प्राणमय कोश

इस कोश का संबंध हमारी सांस और शरीर की ऊर्जा से है। सांसों के जरिए ही हमारा शरीर काम करता है। इसे संतुलित रखने के लिए प्राणायाम और सांस लेने की सही तकनीक का अभ्यास किया जाता है।

ये भी पढ़ें:

3. मनोमय कोश

मनोमय कोश हमारे मन और भावनाओं से जुड़ा है। खुशी, दुख, गुस्सा और डर जैसी भावनाएं इसी का हिस्सा हैं। मन को शांत रखने के लिए ध्यान, मंत्र जाप और एकाग्रता का अभ्यास किया जाता है।

4. विज्ञानमय कोश

इसका संबंध हमारी बुद्धि और समझ से है। यह हमें सही और गलत के बीच फर्क समझने में मदद करता है। अच्छी किताबें पढ़ना, ज्ञान हासिल करना और खुद को समझना इस कोश से जुड़े अभ्यास हैं।

5. आनंदमय कोश

यह पंचकोश का आखिरी हिस्सा है। इसका संबंध मन की अंदरूनी खुशी और शांति से है। इसके लिए भजन, ध्यान, भक्ति और अच्छे काम करने पर ध्यान दिया जाता है।

क्या है पंचकोश का महत्व?

पंचकोश का सिद्धांत बताता है कि अच्छी सेहत के लिए सिर्फ शरीर का स्वस्थ होना काफी नहीं है। मन की शांति, अच्छी सोच और अंदर की खुशी भी जरूरी है। योग हमें इन सभी चीजों के बीच संतुलन बनाना सिखाता है।

Exit mobile version