White Hair Home remedies: आजकल की बिजी लाइफस्टाइल, अनियमित खानपान और पोषक तत्वों की कमी न सिर्फ ओवरऑल हेल्थ बल्कि बालों की सेहत पर भी गहरा असर डाल रही है। पहले जहां बालों का सफेद होना बढ़ती उम्र की निशानी माना जाता था, वहीं अब कम उम्र में ही बच्चों और युवाओं के बाल सफेद होने लगे हैं। यह समस्या शरीर में विटामिन और मिनरल्स की कमी की ओर भी इशारा करती है। ऐसे में समय रहते डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है, साथ ही कुछ घरेलू उपाय अपनाकर भी बालों की समय से पहले सफेदी को रोका जा सकता है।
आंवला और गुड़हल का उपयोग

आंवला और गुड़हल बालों के लिए किसी टॉनिक से कम नहीं हैं। इनके इस्तेमाल से न सिर्फ बाल मजबूत होते हैं बल्कि सफेदी की समस्या भी कम होती है। इसके लिए आंवला, गुड़हल और तिल का पेस्ट बनाकर उसमें नारियल तेल की कुछ बूंदें मिलाएं। इस पेस्ट को स्कैल्प पर मसाज करें। नियमित रूप से इसका उपयोग करने से समय से पहले सफेद हो रहे बाल काले और घने होने लगते हैं।
प्याज का रस
प्याज में मौजूद एंजाइम बालों की जड़ों को पोषण देते हैं और सफेद बालों की समस्या को कम करने में मदद करते हैं। इसके लिए प्याज को मिक्सर में पीसकर उसका रस निकालें और स्कैल्प पर मसाज करें। हफ्ते में कम से कम दो बार यह उपाय अपनाने से अच्छे परिणाम मिलते हैं।
मेहंदी और मेथी का पेस्ट
बालों की सफेदी को रोकने में मेहंदी और मेथी भी कारगर हैं। इसके लिए मेहंदी और मेथी का पेस्ट तैयार करें, फिर उसमें थोड़ा बटर मिल्क और नारियल तेल मिलाएं। इस मिश्रण से बालों की जड़ों की मालिश करें। यह पेस्ट न सिर्फ बालों की सफेदी को रोकता है बल्कि उन्हें प्राकृतिक रंग और चमक भी देता है।
तेल की नियमित मालिश
स्वस्थ और मजबूत बालों के लिए तेल लगाना बेहद जरूरी है। नारियल तेल और बादाम तेल को मिलाकर स्कैल्प पर मसाज करने से बालों को गहराई से पोषण मिलता है और उनकी जड़ें मजबूत होती हैं। नियमित तेल मालिश से बालों में नमी बनी रहती है और सफेदी की समस्या धीरे-धीरे कम होने लगती है।