नई दिल्ली: सर्दियों में कई शहरों की हवा खराब होने लगती है। सुबह और शाम के समय धुंध और धुआं ज्यादा दिखाई देता है। इसका असर लोगों की सेहत पर भी पड़ता है। कई लोगों को घर से बाहर निकलते ही सिरदर्द, आंखों में जलन और खांसी जैसी परेशानियां होने लगती हैं। लोग इसे अक्सर थकान या नींद की कमी समझते हैं, लेकिन इसकी वजह प्रदूषण भी हो सकता है।
प्रदूषण से क्यों होता है सिरदर्द?
हवा में धूल और धुएं के बहुत छोटे कण मौजूद होते हैं। सांस लेने के दौरान ये कण शरीर के अंदर चले जाते हैं। इनमें से कुछ कण फेफड़ों तक पहुंच जाते हैं। इससे शरीर में सूजन और जलन हो सकती है। कई बार इसका असर सिर पर भी पड़ता है और दर्द होने लगता है। खराब हवा में ज्यादा समय बिताने से खांसी, गले में खराश, आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी भी हो सकती है।
माइग्रेन के मरीज रहें सावधान
जिन लोगों को पहले से माइग्रेन की परेशानी है, उन्हें प्रदूषण के दिनों में ज्यादा सावधान रहने की जरूरत है। खराब हवा के साथ नींद पूरी न होना, तनाव और पानी कम पीना सिरदर्द को बढ़ा सकता है।
प्रदूषण से बचने के लिए अपनाएं ये तरीके
– घर से निकलने से पहले अपने इलाके का AQI जरूर चेक करें।
– हवा ज्यादा खराब होने पर सुबह की सैर और बाहर एक्सरसाइज करने से बचें।
– जरूरी काम से बाहर जाएं तो N95 मास्क पहनें।
– घर की हवा साफ रखने के लिए एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल करें।
– घर में सिगरेट, अगरबत्ती और मच्छर भगाने वाली कॉइल का इस्तेमाल कम करें।
– प्रदूषण ज्यादा होने पर खिड़की और दरवाजे बंद रखें।
कब डॉक्टर को दिखाना चाहिए?
अगर सिरदर्द बार-बार होता है या लंबे समय तक बना रहता है तो डॉक्टर से सलाह लें। अचानक तेज सिरदर्द, उल्टी, आंखों से धुंधला दिखना या शरीर में कमजोरी होने पर तुरंत अस्पताल जाएं।

